गिरिडीह से मधुपुर की ओर जा रहे ट्रक (एपी 05 टीडी 7399) का डीजल टैंक फट जाने से गुरुवार दोपहर बेंगाबाद चौक पर भीषण आग लग गयी. टैंक फटने के बाद डीजल सड़क पर फैल गया, जिससे आग तेजी से फैलते हुए विकराल रूप धारण कर गयी. ट्रक में आग लगती देख चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल वाहन रोक दिया और सुरक्षित बाहर निकल गया.
पिकअप वैन भी आग की चपेट में आया
आग की लपटों की चपेट में सड़क किनारे खड़ा एक पिकअप वैन भी आ गया. इससे उसके एक टायर में आग लग गयी. स्थिति को देखते हुए पिकअप चालक जान जोखिम में डालकर वाहन को लेकर वहां से निकल गया. कुछ दूर जाने के बाद वाहन के टायर में लगी आग को बुझाया गया.
इधर, धू-धूकर जल रहे ट्रक के टायर में लगी आग को स्थानीय दुकानदारों ने पानी डालकर काफी मशक्कत के बाद बुझाया. डीजल के जलने के बाद आग स्वतः शांत हुई, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली.
तेज आवाज के साथ फटा डीजल टैंक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक से अचानक तेज आवाज हुई और डीजल टैंक फट गया. कुछ ही सेकेंड में ट्रक और सड़क पर फैले डीजल में आग लग गयी. आग तेजी से फैलने से चौक पर अफरा-तफरी मच गयी. आसपास के दुकानदारों ने तत्काल दुकानों के शटर गिरा दिये, जबकि सड़क किनारे खड़ी बाइक को लेकर लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे.
ट्रक के टायर में आग लगने और उसके फटने की आशंका से भी लोग भयभीत रहे. हालांकि समय रहते स्थानीय दुकानदारों ने पानी डालकर टायर की आग पर काबू पा लिया.
पुलिस ने संभाली स्थिति, फायर ब्रिगेड भी पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही बेंगाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस इंस्पेक्टर बमबम सिंह और थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह ने मौके पर जुटे लोगों को सड़क से दूर हटाया. सड़क पर डीजल फैले होने के कारण दुर्घटना की आशंका को देखते हुए संबंधित लेन पर बैरियर लगाया गया और चौकीदार को तैनात कर दिया गया.
कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पूरी तरह बुझ चुकी थी. इसके बाद पुलिस ने ट्रक को सड़क से हटाकर किनारे कराया और मार्ग पर यातायात सामान्य कराया. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
