Giridih News :सीआई कार्यालय में मारपीट मामले में छह गिरफ्तार, भेजे गये जेल

Giridih News :बिरनी अंचल के सीआई कार्यालय में मंगलवार को दो पक्षों में जमीन विवाद को लेकर कागजात दिखाने के दौरान हुए खूनी संघर्ष मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.

दोनों पक्षों ने बिरनी थाना में अलग-अलग आवेदन दिया. सभी लोग बिरनी थाना के बगल के गांव पूरनानगर के रहनेवाले हैं. एक पक्ष से सुरेंद्र यादव, तो दूसरे पक्ष से जितेंद्र यादव ने प्राथमिकी दर्ज करायी है. प्राथमिकी के आधार पर बिरनी थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज ने तत्परता दिखायी. सुरेंद्र के पक्ष से किशुन यादव व त्रिभुवन यादव, जबकि दूसरे पक्ष के जितेंद्र यादव, सिकंदर यादव, रंजीत यादव व विकास यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

सांसद प्रतिनिधि देवनाथ राणा के खिलाफ भी मामला दर्ज कराया

सुरेंद्र यादव ने सांसद प्रतिनिधि देवनाथ राणा के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज करायी है. सुरेंद्र ने कहा है कि मंगलवार की दोपहर 12 बजे अंचल निरीक्षक को उनके कार्यालय में कागजात दिखा रहे थे. इसी बीच बाराटांड़ निवासी देवनाथ राणा वहां पहुंचे और कागजात देखने लगे. इस बीच रामदेव यादव व वह जमीन से संबंधित जानकारी उनको देना चाह रहे थे. इसी बीच देवनाथ राणा ने कहा कि तुमलोग चुप रहो, नहीं तो पिटाई पड़ेगी. उन्होंने अपशब्दों का भी प्रयोग किया. उनके इतना बोलते ही दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया. थाना प्रभारी ने कहा कि दोनों पक्ष से आवेदन मिला है. आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए छह लोगों को जेल भेज दिया गया. अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अपने स्तर से कार्रवाई कर रही है.

क्या कहते हैं सांसद प्रतिनिधि

सांसद प्रतिनिधि देवनाथ राणा ने कहा कि राजनीतिक षड्यंत्र के तहत गलत तरीके से फंसाया गया है. वे जनता जरीडीह से जुड़ी जमीन के मामले को लेकर सीआई कार्यालय गये थे. इसी बीच उक्त दोनों पक्ष के लोग आये और एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाने लगे. दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों पक्ष आपस में उलझकर मारपीट करने लगे. कहा कि मुझे झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश एक पार्टी के सदस्य लंबे समय से कर रहे हैं. लेकिन, उनकी योजना कभी भी सफल नहीं होगी.

सीआई ने भी दर्ज कराया मामला

कार्यालय में हुई मारपीट की घटना के विरोध में सीआई दीनदयाल दास ने बिरनी थाना में प्राथमिकी दर्ज करवायी है. आवेदन के आधार पर पुलिस ने कांड (संख्या 44/26) दर्ज कर लिया है. सीआई ने कहा है कि सीओ के निर्देश पर मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में पूरनानगर के रामदेव यादव पिता मेधन यादव व बालेश्वर यादव पिता सोमर यादव को मौजा पूरनानगर अंतर्गत खाता संख्या-35, प्लॉट संख्या-388 रकबा 25 डिसमिल रैयती भूमि पर पूर्व से चल रहे आपसी विवाद को लेकर संबंधित कागजात दिखाने के लिए बुलाया था. इसी क्रम में मौजा पाराटांड़ के आवेदन से संबंधित जानकारी लेने के लिए सांसद प्रतिनिधि देवनाथा राणा उनके कक्ष में आये. मैं उन्हें उक्त आवेदन के बारे में बताने ही जा रहा था, कि इसी बीच बालेश्वर यादव व नीरो भोक्ता पक्ष के बीत तू -तू, मैं- मैं होने लगी. इसमें बालेश्वर के पक्ष के लोग हाथापाई पर उतर गये. उन्होंने बीच-बचाव का प्रयास किया गया, लेकिन उनलोगों ने उनकी बात नहीं सुनी. कुर्सी उठाकर एक-दूसरे पर हमला करने लगे. इस बीच मैं अपने कक्ष से किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल गया. इसी बीच अंदर से दरवाजा बंद कर उनलोगों के आपस में मारपीट की. चार-पांच फाइबर की कुर्सियां तोड़ दी गयीं. घटना की सूचना बिरनी थाना को दी गयी. इसके बाद दोनों पक्ष के लोग दरवाजा खोलकर बाहर निकले, तो पता चला कि रामदेव यादव व उनके पक्ष के लोगों को गंभीर चोट आयी हैं. उक्त लोगों ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के साथ हुए सरकारी संपत्ति की क्षति पहुंचायी है. थाना प्रभारी ने कहा कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >