बाइक की चपेट में मां-बेटी की मौत, दूसरे दिन भी गांव में पसरा मातम

चतरो-झगरुडीह मुख्य सड़क पर हुए भीषण सड़क हादसे में मां-बेटी की जान चली गई. गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. घटना के बाद ससुराल पक्ष ने शव ले जाने पर आपत्ति जताई.

चतरो-झगरुडीह मुख्य सड़क पर देवरी थाना क्षेत्र के पूरनाबथान गांव के रमनोटांड़ टोला में मंगलवार रात हुए सड़क हादसे में मां-बेटी की मौत के बाद गुरुवार को भी गांव में मातम पसरा रहा. हादसे में गणेश तुरी की पत्नी प्रमिला देवी (50) और उनकी विवाहिता पुत्री लक्ष्मी कुमारी (23) की मौत हो गयी. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

ससुराल पक्ष ने शव ले जाने से रोका

लक्ष्मी कुमारी की मौत की सूचना मिलने के बाद गुरुवार सुबह उसके ससुराल पक्ष के लोग रमनोटांड़ पहुंचे. लक्ष्मी बेंगाबाद थाना क्षेत्र के हाड़ोडीह गांव की रहने वाली थी. ससुराल पक्ष के लोगों ने घटना पर विरोध जताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की. इसी दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने शव ले जाने से रोक दिया. उनका कहना था कि लक्ष्मी के पति पवन तुरी के पहुंचने के बाद ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाये.

समझाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

शव को लेकर कुछ देर तक मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही. इसके बाद एएसआई उपेंद्र यादव ने ग्रामीणों और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया. परिजनों के शांत होने के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

देवरी थाना प्रभारी श्वेता कुमारी ने बताया कि घटना को लेकर पीड़ित परिवार की ओर से अब तक कोई आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जायेगी.

हादसे में मां, बेटी और नाती हुए थे घायल

बताया गया कि मंगलवार रात पूरनाबथान निवासी गणेश तुरी की पत्नी प्रमिला देवी, उनकी 23 वर्षीय विवाहिता पुत्री लक्ष्मी कुमारी और डेढ़ वर्षीय नाती विराट कुमार सड़क किनारे बैठे थे. इसी दौरान बाइक की चपेट में आने से तीनों घायल हो गये.

घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए जलखरियोडीह स्थित अस्पताल ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने प्रमिला देवी को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल लक्ष्मी कुमारी को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान बुधवार दोपहर उसकी भी मौत हो गयी. बुधवार रात लक्ष्मी का शव पूरनाबथान लाया गया. घटना के बाद से परिवार और गांव में शोक का माहौल है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shrawan kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >