Giridih News :नेहरू स्मारक के पास सड़क पर हर रोज सजतीं हैं दुकानें, बड़े हादसे की आशंका

बगोदर से हजारीबाग को जोड़ने वाली बगोदर के नेहरू स्मारक स्थल के पास प्रतिदिन सड़क पर फुटपाथ दुकान सजती है. इसके कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.

बगोदर थाना से महज सौ मीटर की दूरी पर हजारीबाग को जाने वाली सड़क पर ही अतिक्रमणकारियों का कब्जा है. सुबह होते ही सड़कों पर फल, सब्जी की फुटपाथ दुकान लग जाती है. ग्रामीण क्षेत्र से आने वाली महिलाएं सड़क किनारे की सब्जी बेचने लगती है. दुकान लगाने को लेकर कई बार झड़प भी होती है.

75 फीसदी रोड हो जाता है ब्लॉक

स्थिति यह है कि रोड 75 प्रतिशत ब्लॉक हो जाता है, इससे बड़ी वाहनों का गुजरना मुश्किल हो जाता है. सब्जी बेचने वाली महिलाओं को हटाकर वाहन पार करना पड़ता है. इस स्थल पर कई बार सड़क दुर्घटना और मौत हो चुकी है. इसके बाद भी फुटपाथ लगाने वाले अतिक्रमणकारी सड़क पर से पीछे नहीं हट रहे हैं. बता दें कि इसे व्यवस्थित करने को लेकर स्थानीय प्रशासन ने सड़क पर सफेद पट्टी भी दिया हैस लेकिन दुकानदार इस पट्टी के बाहर अपनी दुकान लगाते हैं. इससे पहले थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने बैरिकेडिंग कर इसके अंदर दुकान लगाने का निर्देश दिया था. कुछ दिन स्थिति ठीक रही. लेकिन, फिर से सब्जी विक्रेता बैरेकेडिंग को पीछे कर दुकान लगा रहें है. एनएचएआई ने 15 साल पूर्व बस पड़ाव में शेड बनाया था. बीडीओ निशा कुमारी के निर्देश पर साफ-सफाई व रंग रोगन किया गया. यहां दुकानों को शिफ्ट किया जाना था, लेकिन अभी इन सब्जी और फल दुकान को व्यवस्थित नहीं कर पायी.

क्या कहते हैं सीओ

बगोदर के सीओ प्रवीण कुमार ने कहा कि बगोदर-सरिया अनुमंडल पदाधिकारी से आदेश लेकर जल्द ही नेहरू स्मारक के पास सड़क पर लग रही दुकानों को हटाया जायेगा. एक सप्ताह में कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >