Giridih News :शहर की स्वच्छता में सिविल सोसाइटी की भूमिका अहम : सुदिव्य
Giridih News :गिरिडीह शहरी क्षेत्र में स्वच्छता की व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए शनिवार को नगर निगम कार्यालय में सिविल सोसाइटी की बैठक की गयी. अध्यक्षता महापौर प्रमिला मेहरा ने की.
मौके पर नगर विकास एवं आवास विभाग मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था में आमजनों की भागीदारी के लिए सिविल सोसाइटी की भूमिका अति महत्वपूर्ण है. सिविल सोसाइटी के माध्यम से आम लोगों में सफाई को लेकर जागरूकता आयेगी.
सिविल सोसाइटी के सदस्यों ने दिये कई सुझाव
नगर निगम में सिविल सोसाइटी की बैठक में शहर की स्वच्छता को लेकर कई सुझाव सामने आये. रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन अरविंद कुमार ने कहा कि साफ-सफाई को लेकर हरेक वार्ड में पार्षद के नेतृत्व में को-ऑर्डिनेशन कमेटी गठित हो, जो निगम के साथ समन्वय स्थापित कर इस मामले में सहयोग करे. लोगों को घर का कचरा वाहनों में देने के लिए प्रेरित करे. घर से कचरा निकालने के लिए बजाया जानेवाला गीत को पुन: बजाने की सलाह दी. साथ ही विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों व ठेला-दुकानों के समक्ष डस्टबिन रखने की सलाह दी. अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष प्रकाश सहाय ने प्लास्टिक बैग के इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग की.
नागरिकों को जवाबदेह बनाने की जरूरत
इस दौरान सिविल सोसाइटी के सदस्यों ने शहर की साफ-सफाई, ट्रैफिक व्यवस्था, पर्यावरण सुदृढ़ीकरण आदि पर विशष रूप से चर्चा की. सदस्यों ने शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने में आम नागरिकों को जवाबदेह बनाने के साथ-साथ इसे जनभागीदारी का कार्य बताया तथा अपने-अपने सुझाव दिये. बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री श्री कुमार ने कहा कि सिविल सोसाइटी की बैठक में कचरा प्रबंधन, परिवहन व्यवस्था की बेहतरी दिशा में चर्चा की गयी. इस दौरान आये सुझावों का फायदा निश्चित रूप से शहरवासियों को मिलेगा. महापौर प्रमिला मेहरा ने कहा कि गिरिडीह नगर निगम सभी के सहयोग से व्यवस्था को सुदृढ़ करेगा. उन्होंने आम नागरिकों से सफाई कार्य में निगम का सहयोग करने की अपील की.
इनकी थी उपस्थिति
मौके पर उप नगर आयुक्त प्रशांत कुमार लायक, सिविल सोसाइटी से अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष प्रकाश सहाय, रेड क्रॉस के चेयरमैन अरविंद कुमार, मिक्कू अग्रवाल, तूलिका सरावगी, रेखा सरावगी, रूही अहमद, रेखा तर्वे, पायल वर्मा, रतन गुप्ता, राहुल बर्मन, प्रमोद कुमार, निर्मल कुमार, संजीव कुमार, हिमांशु प्रियदर्शी, यूके सिन्हा, विवेश जालान, अमित कुमार गुप्ता, रोहित जैन के अलावे निगम के मंजूर आलम, अभिषेक प्रकश आदि मौजूद थे.