इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गयी थी. जबकि, दो दर्जन से भी ज्यादा लोग घायल हुए. घटना के बाद पुलिस ने ट्रक के चालक को हिरासत में ले लिया है. घटना होने के बाद ट्रक को छोड़कर ड्राइवर भाग गया था, जिसे कुछ लोगों ने पकड़ कर एक कमरे में बंद कर दिया और बाद में लोगों ने पुलिस को सौंप दिया था. फिलहाल एक पुलिस अधिकारी के लिखित शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है.
चालक की मेडिकल जांच हुई
ट्रक ड्राइवर की मेडिकल जांच भी करायी गयी है. बताया जाता है कि नशे की हालत में ट्रक ड्राइवर ने सबसे पहले कुलगो टॉल प्लाजा के पास पहले दोपहिया वाहन को टक्कर मारा और इसके बाद गाड़ी तेजी से भगाने लगा. ड्राइवर ने देखा कि कुछ लोग बाइक पर सवार होकर उसका पीछा कर रहे हैं, तो रफ्तार बढ़ा दिया. इसरी बाजार के पास आते-आते ट्रक असंतुलित हो गया और कई वाहनों को रौंदते हुए दीवार से टकराकर रूक गया. डुमरी के एसडीपीओ सुमित प्रसाद ने बताया कि दुर्घटना के हर पहलु की जांच की जा रही है. ड्राइवर के मंशा जानने का प्रयास किया जा रहा है.
ट्रक में लदे कोयले के दस्तावेजों की हो रही है जांच
ट्रक पर लदे कोयला की जांच की जा रही है. ट्रक बगोदर से धनबाद की ओर जा रहा था या कहीं और, इसकी भी जांच हो रही है. कोयले से संबंधित दस्तावेजों की मांग की गयी है. एसडीपीओ ने बताया कि फिलहाल पुलिस ने ट्रक चालक व मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है. इसके अलावा अन्य आवेदन मिलने पर, सबको इसी प्राथमिकी का हिस्सा बना दिया जायेगा.
