गावां. प्रखंड के विभिन्न घाटों से प्रतिदिन अवैध रूप से बालू का उठाव कर उसे बाहर भेजा रहा है. प्रखंड स्थित गावां पुल, सेरुआ घाट, मंझने, बिरने, पछियारीडीह, बेंड्रो व जोड़ासीमर आदि स्थानों में स्थित सकरी नदी से अवैध रूप से दिन के उजाले में बालू का उठाव कर उसे बाहर भेजा जा रहा.
कुछ दिन चलती है कार्रवाई, फिर शुरू होता है धंधा : कई स्थानों पर पुल के नीचे से भी बालू का उठाव होने से खतरा मंडरा रहा है. प्रखंड के विभिन्न घाटों से उठाये गये बालू को प्रखंड से बाहर सुदूर क्षेत्रों में भेजा जा रहा है. प्रखंड में बन रहे जलमीनारों व अन्य योजनाओं में भी नियम विरुद्ध स्थानीय सकरी नदी से बालू का उठाव कर उसे उसमें उपयोग किया जा रहा है. बालू के उठाव पर रोक लगाने के लिए समय-समय पर कार्रवाई की जाती है. कार्रवाई के बाद दो-चार दिनों तक इसे बंद रखा जाता है, लेकिन फिर से यह धंधा बेधड़क चलने लगता है. कई घाटों में कुछ लोगों के संरक्षण में यह कार्य किया जाता है. मामले में सीओ अविनाश रंजन ने कहा कि पूर्व में अवैध बालू उठाव के खिलाफ कार्रवाई की गई है. शीघ्र ही सभी घाटों पर छापेमारी अभियान चलाकर अवैध बालू उठाव करने वालों पर कार्रवाई की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
