लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को टावर चौक पर केंद्र सरकार का पुतला दहन किया. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उत्तराखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की.
खरगे के कार्यक्रम के बाद शुद्धीकरण का लगाया आरोप
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि पिछले दिनों उत्तराखंड में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था. कांग्रेस का आरोप है कि कार्यक्रम के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उस स्थान का शुद्धीकरण किया. केडिया ने इसे भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता का परिचायक बताया.
उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी ने इस मामले को लेकर आवाज उठायी, तो उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी गयी. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई भाजपा की घटिया सोच को दर्शाती है.
राहुल गांधी की लोकप्रियता से भाजपा घबरायी : कांग्रेस
सतीश केडिया ने कहा कि भाजपा राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से घबरा गयी है. इसी वजह से कभी उनकी सदस्यता रद्द करने तो कभी उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा की ऐसी हरकतें उसके विनाश का कारण बनेंगी.
उन्होंने दावा किया कि भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गयी है और पार्टी इसी वजह से इस तरह के कदम उठा रही है.
