Giridih News :सदर अस्पताल की बिजली गुल, मोबाइल की फ्लैश लाइट में हुआ घायलों का इलाज

Giridih News :लाख दावों और सुधार की कोशिशों के बावजूद गिरिडीह सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गयी है. शनिवार देर रात बिजली गुल होने से जहां अस्पताल में अफरा-तफरी मच गयी, वहीं रविवार शाम भी बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गयी.

हालात ऐसे बन गये कि गंभीर रूप से घायल मरीजों का इलाज मोबाइल की फ्लैश लाइट की रोशनी में करना पड़ा. बताया जाता है कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तिगोंजोरी निवासी नीलमुनि देवी, अजय हेंब्रम, अनुष्का हेंब्रम, विजय किस्कू और पवन किस्कू बाइक व ऑटो की टक्कर में घायल हो गये थे. सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन यहां पहुंचते ही उन्हें बदहाल व्यवस्था का सामना करना पड़ा.

इमरजेंसी वार्ड तक में नहीं थी बिजली

बिजली गुल होने के कारण अस्पताल परिसर पूरी तरह अंधेरे में डूबा रहा. यहां तक कि ड्रेसिंग रूम में भी रोशनी की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं थी. एक घायल का सिर फटा हुआ था. ऐसे में डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों को मजबूरी में मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर उसकाे टांका लगाना पड़ा. यह दृश्य देखकर परिजनों में आक्रोश और चिंता दोनों दिखी. घायल के परिजन काली सोरेन ने बताया कि इमरजेंसी वार्ड तक में बिजली नहीं थी, जिससे इलाज में काफी परेशानी हुई. जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 12 बजे अस्पताल के इलेक्ट्रिसिटी विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और जनरेटर चालू किया, तब जाकर स्थिति कुछ हद तक सामान्य हुई.

मुख्य बिंदु

शनिवार देर रात 11:30 बजे अचानक सदर अस्पताल की बिजली गुल

करीब आधे घंटे तक पूरा अस्पताल अंधेरे में डूबा रहा

इमरजेंसी वार्ड सहित कई विभागों में प्रभावित हुआ इलाज

रविवार शाम फिर बिजली ठप, मोबाइल की फ्लैश लाइट में हुआ उपचार

घायल के सिर में टांका लगाने तक में करनी पड़ी जुगाड़ व्यवस्था

कोट

रात में बिजली गुल होने की कोई सूचना नहीं है. अस्पताल में बिजली व्यवस्था सामान्य है. पूरे मामले की जांच करायी जायेगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पायी जाती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.

डॉ प्रदीप बैठा, उपाधीक्षक, सदर अस्पताल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >