शांतिपूर्ण मतदान कराने को लेकर जिला प्रशासन ने सारी तैयारियां पूरी कर ली है. रविवार को गिरिडीह झंडा मैदान से सभी 166 बूथों के लिए मतदान कर्मियों को रवाना कर दिया गया है. जिले में गिरिडीह नगर निगम, बड़की सरैया नगर पंचायत और धनवार नगर पंचायत में मतदान होना है. इन तीनों निकाय क्षेत्रों में 97 भवनों में कुल 166 बूथ बनाये गये हैं. गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में वार्ड एक से लेकर वार्ड 36 तक 137 बूथ हैं, जहां मतदान की सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी है. इसके लिए 940 मतदान कर्मियों को चुनाव कार्य में लगाया गया है. गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में 685, बड़की सरैया नगर पंचायत में 75 और धनवार नगर पंचायत में 70 मतदान कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है.
गिरिडीह नगर निगम में 1,50,900 वोटर करेंगे मतदान
जिले के तीन नगर निकाय चुनावों में कुल 1,77,732 वोटरों के वोट के लिए बूथों पर तैयारियां पूरी कर ली गयी है. गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में 1,50,900 वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे. वहीं, बड़की सरैया नगर पंचायत में 14,436 और धनवार नगर पंचायत में 12,396 वोटर अपने वोट का प्रयोग करेंगे.निकाय क्षेत्र – कुल मतदाता – पुरुष – महिला – अन्य
गिरिडीह नगर निगम – 1,50,900 – 75,159 – 75,740 – 01बड़की सरैया – 14,436 – 7,555 – 6,881 – 00
धनवार नगर – 12,396 – 6,315 – 6,081 – 00
कुल –
1,77,732 – 89,029 – 88,702 – 0199 अतिसंवेदनशील बूथों पर रहेगी नजर
जिले में होने वाले नगर निकाय चुनाव में सामान्य, संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों को चिह्नित किया गया है. गिरिडीह जिले में कुल 166 बूथों में से 99 बूथों को अतिसंवेदनशील बूथों के रूप में चिह्नित किया गया है. यहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है. गिरिडीह नगर निगम में 98, जबकि बड़की सरैया नगर पंचायत में एक बूथ को अतिसंवेदनशील है. वहीं, धनवार नगर पंचायत में एक भी बूथ अतिसंवेदनशील कैटेगरी में नहीं है. गिरिडीह नगर निगम में संवेदनशील बूथों की संख्या 39 है, बड़की सरैया में 06 है और धनवार नगर पंचायत में 14 है.
पांच उड़नदस्ता समेत 38 टीमों का गठन
जिले में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए उड़नदस्ता दल, स्थेटिक निगरानी दल और वीडियो निगरानी दल का गठन किया गया है. जिले में पांच उड़नदस्ता टीम बनायी गयी है. इसमें गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में तीन उड़नदस्ता टीम तैयार कर लिया गया है. वहीं बड़की सरैया के लिए एक और धनवार के लिए भी एक उड़नदस्ता टीम है. इसके अलावा 13 एसएसटी काम करेगी. छह टीम गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में, तीन बड़की सरैया व चार धनवार नगर क्षेत्र में सक्रिय रहेगी. साथ ही 12 वीडियो निगरानी दल गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में और चार-चार बड़की सरैया व धनवार निगम क्षेत्र में तैनात रहेंगे.13 स्थेटिक निगरानी चेकपोस्ट बनाये गये : असामाजिक तत्व पर नजर रखने के लिए चुनाव क्षेत्र में दंडाधिकारियों की भी तैनाती की गयी है. किसी भी असामान्य स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी को भी मुस्तैद किया गया है. जिले में कुल 13 स्थेटिक निगरानी चेकपोस्ट बनाये गये हैं. निगम क्षेत्र में गिरिडीह कॉलेज मोड़, गादी श्रीरामपुर मोड़, पचंबा कोवाड़ रोड, पचंबा-चित्तरडीह रोड, गिरिडीह-पीरटांड़ रोड, गिरिडीह-महेशमुंडा रोड, बड़की सरैया नगर पंचायत क्षेत्र में सरिया थाना के पास, सरिया डीएवी स्कूल के पास, सरिया श्रीराम प्लाजा के पास और धनवार नगर पंचायत क्षेत्र में बुधवाडीह टोल गेट के पास, बरजो टोल गेट के पास, पंचरूखी पुल के पास और नावाडीह रोड के पास चेकपोस्ट बनाये गये हैं.
पहचान के लिए 12 वैकल्पिक दस्तावेजों की मान्यता
बूथों पर मतदाताओं के पहचान के लिए उन्हें अपना पहचान पत्र दिखाना होगा. वोटरों को अपने साथ पहचान पत्र रखने होंगे और इसके लिए 12 वैकल्पिक दस्तावेजों को मान्यता दी गयी है.1. चुनाव आयोग का मतदाता पहचान पत्र
2. निर्वाचन तंत्र द्वारा जारी फोटोयुक्त मतदाता पर्ची
3. पासपोर्ट4. ड्राइविंग लाइसेंस
5. सरकारी या पब्लिक लिमिटेड कंपनी के द्वारा जारी फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र
6. बैंक या डाक घर द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक
7. आयकर पहचान पत्र (पैन कार्ड)8. आधार कार्ड
9. राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर
10. मनरेगा के अंतर्गत जारी फोटोयुक्त जॉबकार्ड
11. फोटोयुक्त स्वास्थ्य बीमा योजना या स्मार्ट कार्ड12. फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज
बूथों के सौ मीटर परिधि का क्षेत्र प्रतिबंधित
मतदान के दिन बूथों के सौ मीटर परिधि के दायरे को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया गया है. इस क्षेत्र में किसी भी अभ्यर्थी या उनके निर्वाचन अभिकर्ता द्वारा कोई मतदाता सहायता केंद्र नहीं बनाया जायेगा. जहां एक ही परिसर में एक से अधिक मतदान केंद्र बनाये गये हैं, वहां मतदान केंद्रों के समूह के लिए परिसर के एक सौ मीटर परिधि के बाहर एक अभ्यर्थी अपना एकमात्र मतदाता सहायता केंद्र स्थापित कर सकता है, लेकिन इसके लिए निर्वाची पदाधिकारी को अग्रिम सूचना देनी होगी. साथ ही संबंधित सरकारी पदाधिकारियों या स्थानीय पदाधिकारियों से उनकी लिखित अनुमति लेना होगा. इस मतदाता सहायता केंद्र में मतदाताओं को मात्र गैर आधिकारिक पहचान स्लिप निर्गत करने की छूट रहेगी. इन केंद्रों में किसी भी अभ्यर्थी या उसके प्रतीक चिन्ह का कोई भी उल्लेख नहीं रहेगा.सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा मतदान
बूथों पर पुरुष और महिला मतदाता के लिए अलग-अलग लाइन लगाने की व्यवस्था की गयी है. प्रात: सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान किया जा सकेगा. वैसे वोटर जो पांच बजे तक मतदान केंद्र परिसर के अंदर पहुंच जायेंगे, उन्हें वोट देने की छूट रहेगी. मतदान केंद्र के अंदर किसी भी स्थिति में फोटोग्राफी वीडियोग्राफी की अनुमति नहीं रहेगी. वैसे लोग ही केंद्र के अंदर जा सकेंगे जिन्हें आधिकारिक रूप से पास निर्गत किया गया हो.निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : डीसी
तीनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए गिरिडीह के डीसी और एसपी की निगरानी में सारी तैयारियों के साथ मतदान कर्मियों को डिस्पैच किया गया. गिरिडीह झंडा मैदान में बनाये गये डिस्पैच सेंटर में खुद डीसी रामनिवास यादव और एसपी डॉ बिमल कुमार मौजूद थे. इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीसी श्री यादव ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि भयमुक्त होकर वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र को मजबूत करें. कहा कि मतदान लोकतंत्र का महापर्व है और प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था सुदृढ़ होती है. लोगों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन की ओर से निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गयी है. लोग अपने घरों से बाहर निकलें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें.सीबीएसई परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगे
सीबीएसई बोर्ड द्वारा आयोजित दसवीं और बारहवीं की परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगे. इस दौरान किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी ना हो, इसका ध्यान रखा जायेगा. डीसी ने बताया कि सुभाष पब्लिक स्कूल छोड़कर किसी भी वैसे परीक्षा केंद्र में बूथ नहीं बनाया गया है, जहां परीक्षा होना है. सुभाष पब्लिक स्कूल में बैरेकेडिंग कर परीक्षा केंद्र और बूथ को अलग-अलग भागों में विभाजित कर दिया गया है.
