झारखंड पुलिस एसोसिएशन की गिरिडीह शाखा ने डुमरी विधायक जयराम महतो द्वारा धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ दूरभाष पर कथित तौर पर अमर्यादित भाषा का प्रयोग किए जाने के मामले में विरोध जताया है. एसोसिएशन ने इस व्यवहार को पुलिस की गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला बताया है.
महासंघ के विरोध का किया समर्थन
सोमवार को नया पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि मामले को लेकर महासंघ झारखंड पुलिस एसोसिएशन, रांची के मार्गदर्शन में विरोध दर्ज कराया गया है. गिरिडीह शाखा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी महासंघ के विरोध का समर्थन किया है.
पुलिसकर्मियों के सम्मान का रखा जाए ध्यान
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस पदाधिकारियों के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है. पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं. ऐसे में उनके सम्मान और गरिमा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए.
प्रेस वार्ता में ये रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में झारखंड पुलिस एसोसिएशन गिरिडीह शाखा के अध्यक्ष सहदेव यादव, उपाध्यक्ष सत्येंद्र पासवान, सचिव भरत सिंह सिकरीवाल, कोषाध्यक्ष सन्नी मिंज, संयुक्त सचिव सुरेंद्र कुमार और सुरेंद्र कुमार दीक्षित मौजूद थे.
