Giridih News : बाहा पर्व पर जुटे आदिवासी समुदाय के लोग
Giridih News : प्रतिनिधि, पीरटांड़.पारसनाथ की तलहटी में बसे दिशोम मांझीथान एवं जुग जाहेर थान में शुक्रवार को बाहा पर्व धूमधाम से मनाया गया. इसे अवसर पर झारखंड समेत कई दूसरे राज्यों से भी श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने पहुंचे. मौके पर मुख्य अतिथि राज्य के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने लोगों को संबोधित किया. बाहा पर्व के मौके पर पारसनाथ पहाड़ की तलहटी में स्थित मांझीथान में आदिवासी समुदाय द्वारा लगभग 35 अलग-अलग स्टॉल लगाये गये थे, जहां पारंपरिक परिधान सहित अन्य सामग्री मिल रही थी. संथाल डॉक्टर्स एसोसिएशन द्वारा मांझीथान के पास मेडिकल कैंप भी लगाया गया था, जहां लोगों को मुफ्त में दवा दी जा रही थीं.
सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित :
शुक्रवार को जुग जाहेर थान में पूजा-अर्चना के बाद आदिवासी श्रद्धालुओं ने दिशोम मांझी थान में पूजा की. इसके बाद जुलूस की शक्ल में मधुबन बाजार का भ्रमण किया. बाद में श्रद्धालुओं की भीड़ धर्मसभा में तब्दील हो गई, जहां रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ.
नहीं आये सीएम :
बाहा पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आने की खबर थी. पूरी तैयारी भी की गयी थी, लेकिन अचानक मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थगित हो गया.
जिला प्रशासन था मुस्तैद :
विधि-व्यवस्था को लेकर उपायुक्त रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार के निर्देश पर जिला प्रशासन एक्टिव रहा. डीडीसी स्मृति कुमारी, एएसपी सुरजीत कुमार, एसडीपीओ सुमित प्रसाद, एसडीओ संतोष गुप्ता, बीडीओ मनोज मरांडी, सीओ ह्रषिकेश मरांडी सहित अन्य लोग मुस्तैद रहे.
पार्किंग एवं वन वे सिस्टम की थी व्यवस्था :
भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए वन वे सिस्टम लागू किया गया था. अलग-अलग जगहों में चारपहिया एवं दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गयी थी. बाहा पर्व में घाटशिला के विधायक सोमेश सोरेन, दर्जा प्राप्त मंत्री फागू बेसरा, नुनूलाल मरांडी आदि शामिल हुए. कार्यक्रम को सफल बनाने में मरांग बुरु बोंगा बुरू समिति के महावीर मुर्मू, बिरजू मरांडी, सिकंदर हेंब्रम, बाबूराम सोरेन, दिलीप मुर्मू, राजेश सोरेन, सुशांत सहित अन्य सभी लोगों का सराहनीय योगदान रहा.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.