निगम क्षेत्र में लचर ट्रैफिक, अतिक्रमण व जाम से शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपने सुझाव दिये. मौके पर मेयर ने कहा कि शहर के विकास में आम लोगों व सिविल सोसायटी की भागीदारी जरूरी है.
लाखों की लागत से बने हैं दो-दो वेंडिंग जोन
शहरी क्षेत्र में लाखों की लागत से दो-दो वेंडिंग जोन बनाया गया है, पर तमाम कोशिशों के बावजूद फुटपाथियों की यहां पर शिफ्टिंग नहीं हो पायी है. यही वजह है कि सड़कों के किनारे दुकानें सजती हैं और आम जनता परेशान होती है. इन्हीं समस्याओं के निराकरण को लेकर आयोजित इस बैठक में अतिक्रमण, जलापूर्ति, कचरा प्रबंधन, बरसात से पहले सभी नालों की सफाई, सामुदायिक शौचालय का रख-रखाव, नालों पर स्लैब लगाने, नशाखोरी पर रोक आदि मुद्दों पर चर्चा की गयी. उपस्थित लोगों ने अपने-अपने सुझाव दिये.शहर को व्यवस्थित करना प्राथमिकता में
मौके पर मेयर प्रमिला मेहरा ने कहा कि गिरिडीह शहर को स्वच्छ, सुंदर व विकसित करना है. ट्रैफिक की समस्याओं का समाधान करना है. नगर निगम की आय के स्रोत में वृद्धि करनी है. इसी आलोक में सभी से सुझाव लिये गये. डेली मार्केट को लेकर चर्चा हुई. इससे पूर्व सिविल सोसायटी के साथ बैठक की गयी थी. डिप्टी मेयर सुमित कुमार ने कहा कि गिरिडीह शहर को व्यवस्थित करना है. खान परिषद की जमीन को फिलहाल वेंडिंग जोन के रूप में इस्तेमाल किया जायेगा. व्हीटी बाजार स्थित हटिया में डेली मार्केट लगाने पर विचार किया गया है. कहा कि मुफस्सिल थाना के आगे सीसीएल की जमीन चिह्नित की गयी है. इसे हटिया के रूप में इस्तेमाल किया जायेगा.
एनएच के बगल में फुटपाथी दुकान नहीं लगानी है
उप नगर आयुक्त प्रशांत कुमार लायक ने कहा कि बैठक में विधि-व्यवस्था, चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई. सड़क दुर्घटना के कारण एनएच के बगल फुटपाथियों दुकान नहीं लगानी है. ऐसे में सीसीएल की जमीन पर हटिया को व्यवस्थित तरीके से लगाना है. व्हीटी बाजार स्थित हटिया को डेली मार्केट के रूप में विकसित करना है. इसे लेकर निगम के पास डेढ़ करोड़ का फंड उपलब्ध है. इसे विकसित करने के लिए एजेंसी नियुक्त की जायेगी. मौके पर अर्बन प्लानर मंजूर आलम, नवीन सिन्हा, परवेज आलम, शिव कुमार दास, शहनवाज अंसारी आदि उपस्थित थे.
