बगोदर. प्रखंड क्षेत्र के अटका निवासी रामेश्वर दास रोजगार की तलाश में दुबई गए थे. वहां वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद उनके जेल में होने की जानकारी सामने आयी है. लंबे समय से परिजनों का रामेश्वर दास से संपर्क नहीं हो पा रहा है, जिससे परिवार के लोग काफी चिंतित हैं.
मामले की जानकारी मिलने के बाद बगोदर विधायक नागेंद्र महतो ने रामेश्वर दास के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया. विधायक ने परिवार को आश्वस्त किया कि रामेश्वर दास की सकुशल वतन वापसी के लिए हर स्तर पर प्रयास किया जाएगा.
विधायक ने इस संबंध में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर एवं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी को पत्र भेजा है. उन्होंने दोनों केंद्रीय मंत्रियों से मामले में त्वरित हस्तक्षेप करने और रामेश्वर दास की सकुशल भारत वापसी के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.
विधायक नागेंद्र महतो ने कहा कि रामेश्वर दास की घर वापसी के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेगा. परिवार को किसी भी परिस्थिति में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा.
इस दौरान सांसद प्रतिनिधि रंजीत मेहता, भाजपा नेता दीपू मंडल, सुरेश मंडल, लक्ष्मण मंडल, रत्नाकर भारती, उमेश प्रसाद, लक्ष्मण दास, बलदेव दास, अनिल दास, सुखदेव दास समेत अन्य लोग मौजूद थे.
