देवरी प्रखंड के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय मलडीहा में मध्याह्न भोजन के संचालन में अनियमितता के आरोप को लेकर सोमवार को अभिभावकों ने विद्यालय परिसर में जमकर हंगामा किया. अभिभावकों ने आरोप लगाया कि बच्चों को निर्धारित मापदंड और मेन्यू के अनुसार मध्याह्न भोजन नहीं दिया जा रहा है. सोमवार को भी बच्चों को चावल के साथ केवल आलू और सोयाबीन की सब्जी परोसे जाने की बात कही गयी.
निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं मिलने का आरोप
अभिभावकों का आरोप है कि विद्यालय में सप्ताह के अलग-अलग दिनों के लिए निर्धारित मेन्यू के अनुसार मध्याह्न भोजन का संचालन नहीं किया जाता है. कई बार बच्चों को भोजन नहीं मिलने की भी शिकायत सामने आती है.
अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन से मध्याह्न भोजन की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ विद्यालय परिसर और कक्षाओं में साफ-सफाई बनाए रखने की मांग की.
अभिभावकों ने जताया विरोध
मध्याह्न भोजन की व्यवस्था को लेकर विरोध जताने वालों में सोनम कुमारी, शिवानी कुमारी, अमर तुरी, खुशी कुमारी, चांदनी कुमारी, सुमन कुमारी, छोटी कुमारी, नंदनी कुमारी, करीना कुमारी, कृष कुमार, डोली कुमारी, प्रतीत तुरी, करण तुरी, दीपक तुरी और नितेश तुरी के अभिभावक समेत अन्य लोग शामिल थे.
प्रधानाध्यापक ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
इधर, विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुखदेव यादव ने अभिभावकों के आरोपों को बेबुनियाद बताया. उन्होंने कहा कि विद्यालय में मध्याह्न भोजन का संचालन नियमानुसार किया जा रहा है.
प्रधानाध्यापक के अनुसार, विद्यालय प्रबंधन समिति के पुनर्गठन के बाद नये अध्यक्ष के साथ बैंक खाते का संचालन शुरू नहीं हो पाने को लेकर इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि मध्याह्न भोजन की व्यवस्था में किसी तरह की अनियमितता नहीं बरती जा रही है.
