मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग स्थित जोरबाद गांव के समीप जमीन के एक टुकड़े को लेकर चल रहा विवाद गुरुवार को मारपीट में बदल गया. घटना में बद्री गोप समेत कई लोग घायल हो गये. सभी घायलों को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया.
10 कट्ठा जमीन को लेकर चल रहा विवाद
घटना के संबंध में अस्पताल परिसर में मौजूद बद्री गोप के परिजनों ने बताया कि करीब 10 कट्ठा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है. परिजनों का आरोप है कि कुछ लोग उक्त जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे. इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गयी.
कई लोगों पर मारपीट और कब्जे के प्रयास का आरोप
बद्री गोप के परिजनों ने कारू यादव, संजय यादव, शंभु यादव, झगड़ू यादव, नंदकिशोर यादव, बिच्छू यादव, अखिलेश समेत अन्य लोगों पर मारपीट करने और जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है.
बद्री गोप की बहू सरिता देवी ने बताया कि जमीन से संबंधित आवश्यक कागजात उनके पास मौजूद हैं. उन्होंने कहा कि विवाद के समाधान को लेकर पूर्व में भी प्रशासन से कई बार शिकायत की गयी, लेकिन अब तक मामले का स्थायी समाधान नहीं हो सका.
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
घटना की सूचना मिलने के बाद मुफ्फसिल पुलिस मामले की जांच में जुट गयी. मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि घटना को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ था और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच के आधार पर घटना में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.
