किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय किसान महासभा की सरिया प्रखंड इकाई ने रविवार को जेल भरो अभियान चलाया गया. इसके तहत कार्यकर्ता सरिया स्थित पार्टी कार्यालय से जुलूस की शक्ल में निकले और थाना गेट के पास पहुंचकर सड़क जाम कर दिया.
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में लाल झंडे लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. नेतृत्व विजय सिंह कर रहे थे, जबकि मुख्य रूप से पार्टी की राज्य कमेटी के सदस्य व सरिया प्रखंड प्रभारी सीताराम सिंह उपस्थित थे.
एमएसपी को लेकर भी उठी आवाज
वक्ताओं ने एकस्वर से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिलने पर रोष जताया. वक्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान और न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी सुनिश्चित करने की मांग की.
मांगों को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रखने की बात कही गयी. गैरमजरूआ जमीन जिसका लगान वर्षों से किसान देते आ रहे हैं, उसका ऑनलाइन दाखिल खारिज व रसीद निर्गत कर किसानों को अधिकार देने की भी मांग की.
कार्यक्रम में भाकपा माले के सरिया प्रभारी सीताराम सिंह,विजय सिंह, शमीम अंसारी, गुलाब पासवान,राजेश यादव, रामजी राणा,चंद्रिका मंडल,महानंद सिंह,शकूर अंसारी,भुनेश्वर रवानी, रामलाल रविदास,महेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे.
