एंबुलेंस के इंतजार में तड़पता रहा घायल, रांची ले जाने के दौरान हुई मौत

महेशपुर निवासी सुखी यादव की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई. आरोप है कि एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है. इस घटना ने स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

गावां थाना क्षेत्र के महेशपुर निवासी लाखों यादव के 35 वर्षीय पुत्र सुखी यादव की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी. हादसा पिहरा-माल्डा पथ पर मदनी स्कूल के समीप हुआ. दुर्घटना के बाद गंभीर रूप से घायल सुखी यादव को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पाने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है. ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना के बावजूद 108 एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची.

करीब एक घंटे तक सड़क किनारे पड़े रहे घायल

बताया गया कि सुखी यादव अपनी बहन के घर पिहरा से लौटकर महेशपुर स्थित घर जा रहे थे. इसी दौरान मदनी स्कूल के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गये.

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस को फोन किया. ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस समय पर मौके पर नहीं पहुंची. गंभीर रूप से घायल सुखी यादव करीब एक घंटे तक सड़क किनारे पड़े रहे.

पुलिस की मदद से सीएचसी पहुंचाया गया

एंबुलेंस नहीं पहुंचने पर बाद में पुलिस की मदद से घायल को सीएचसी गावां ले जाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गिरिडीह रेफर कर दिया.

परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची ले जा रहे थे. इसी दौरान हजारीबाग के पास उनकी मौत हो गयी. इसके बाद परिजन शव लेकर गावां लौटे.

घटना की सूचना मिलने पर गावां थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया.

एंबुलेंस सेवा को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी

सुखी यादव की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, घटना के बाद ग्रामीणों में 108 एंबुलेंस सेवा की व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी गयी. ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है.

पुलिस दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान के लिए मामले की जांच कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Binod pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >