Giridih News :बगोदर में घंटे भर की बारिश से मिली गर्मी से राहत

Giridih News :बगोदर समेत आसपास के क्षेत्रों में रविवार दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई. करीब एक घंटे तक हुई बारिश से जहां लोगों ने ऊमस भरी गर्मी से राहत की सांस ली, वहीं सब्जियाें की खेती को इससे फायदा होगा.

एक सप्ताह से गर्मी का कहर चल रहा है. इस दौरान इलाके में 43 डिग्री तक बढ़े तापमान से परेशानी बढ़ गयी थी. इस तपती धूप में सुबह के आठ बजे के बाद सड़कों पर वीरानी छा जाती थी, पर रविवार की दोपहर में हुई बारिश से मौसम में कुछ बदलाव आया. लोगों का कहना है कि अभी अप्रैल में इस तरह की गर्मी होगी तो मई-जून में लोगों पर काफी बुरा असर पड़ेगा. रविवार की मूसलाधार बारिश ने पुराने जीटी रोड की सूरत की भी पोल खोलकर रख दी है. सड़क किनारे नालियां नहीं होने से बारिश का पानी घरों और दुकान में घुस रहा था, जो परेशानी का सबब बन गया है.

हल्की बारिश और ओलावृष्टि ने मौसम को खुशनुमा बनाया

मधुबन व आसपास के इलाकों में अचानक बदले मौसम ने लोगों को सुखद अहसास दिया. तेज धूप और बढ़ती गर्मी के बीच हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि (बर्फबारी) ने पूरे क्षेत्र का मौसम खुशनुमा बना दिया. आसमान में घिरे बादलों के बीच कुछ समय के लिए हुई इस बारिश ने वातावरण में ठंडक घोल दी. इससे लोगों को तत्काल गर्मी से राहत मिली. हालांकि यह मौसम परिवर्तन अधिक देर तक नहीं रहा और कुछ ही समय में बारिश थम गयी, पर इस दौरान चली ठंडी हवाओं और गिरे ओलों से तापमान में गिरावट दर्ज हुई. अचानक बदले इस मौसम का लोगों ने आनंद लिया. स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच इस तरह की बारिश राहत भरी रही, भले ही इसका असर अल्पकालिक ही क्यों न रहा हो.

गांडेय में गर्जन के साथ बूंदाबांदी से राहत

उमस भरी गर्मी के बीच गांडेय क्षेत्र में रविवार की शाम को मौसम का मिजाज अचानक बदलने लगा. शाम चार बजे आसमान में अचानक काले काले बादल छा गये और गर्जन के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गयी. मौसम में बदलाव से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है. पिछले एक पखवारे से चिलचिलाती धूप व उमस भरी गर्मी से हर वर्ग परेशान है. लोग 10 बजे के बाद घर में दुबक जाते हैं और शाम चार बजे के बाद निकलते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >