Giridih News :धर्मस्थल में तोड़फोड़ मामले में सात आरोपी भेजे गये जेल
Giridih News :जमुआ थानांतर्गत तीनमहुआ धर्मस्थल में तोड़फोड़ करने और स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर पथराव करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात प्राथमिकी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया. सभी गिरफ्तार आरोपितों को जेल भेज दिया गया.
आरोपितों में वीरेंद्र कुमार रश्मि (36) पिता सोना मंडल, खरखो, प्रकाश प्रसाद यादव (42), पिता स्व प्रयाग प्रसाद यादव, कुरूमडीहा, विक्की कुमार चौधरी (19) पिता सुधीर चौधरी, ग्राम-पौड़ैया, रोहित कुमार (26), पिता सुधीर चौधरी, ग्राम-पौड़ैया, प्रदीप कुमार पांडेय (46) पिता मदन मोहन पांडेय, सिमराटांड़ चरघरा, मुन्ना यादव (47) पिता स्व बनवारी महतो, बलगो, शंकर कुमार विश्वकर्मा (20), पिंडराबाद शामिल हैं.
विधायक ने एसडीपीओ पर एकपक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाया
विधायक डॉ मंजू कुमारी ने खोरीमहुआ के एसडीपीओ पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया. विधायक जमुआ स्थित भाजपा के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद राय के आवास पर प्रेस कांफ्रेंस में पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जता रही थीं. इस दौरान विधायक ने प्रशासन से कहा कि वह क्षेत्र की शांति किसी भी कीमत पर भंग न होने दे. विधायक ने कहा कि क्षेत्र में हुए किसी हालिया विवाद या मामले में एसडीपीओ की कार्रवाई से स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि संतुष्ट नहीं थे. विधायक का आरोप था कि पुलिस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच करने के बजाय एकतरफा कार्रवाई कर रही है, जिससे निर्दोष लोग परेशान हो रहे हैं.
विधायक ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
विधायक ने मीडिया को संबोधित करते हुए प्रशासन को कड़ा संदेश दिया. उन्होंने कहा कि खोरीमहुआ अनुमंडल में पुलिस का रवैया बेहद निराशाजनक और एकतरफा है. पुलिस को न्याय करना चाहिए, न कि किसी एक पक्ष के दबाव में आकर काम करना चाहिए. विधायक और एसडीपीओ के बीच हुई तनातनी के बाद पूरे खोरीमहुआ इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. इससे स्थानीय समर्थकों में भी पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश देखा जा रहा है. लोगों का कहना है कि अगर पुलिस ने अपनी कार्यशैली नहीं सुधारी और निष्पक्ष जांच नहीं की तो आनेवाले दिनों में आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जायेगी.
कार्रवाई से नाराज विधायक पहुंची थीं थाना
इससे पूर्व मामले की गंभीरता को देखते हुए जमुआ विधायक ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि वह क्षेत्र की शांति को किसी भी कीमत पर भंग न होने दे. पुलिस कार्रवाई से नाराज विधायक डॉ मंजू कुमारी ने कहा कि इसी बात को लेकर वह सीधे अधिकारी से बात करने थाना पहुंची थीं.
क्या कहते हैं एसडीपीओ
खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने विधायक को आश्वस्त कराया कि मामले की जांच जिला के उच्च पदाधिकारी कर रहे हैं. इस समय क्षेत्र में अमन-चैन के लिए जनप्रतिनिधियों का सहयोग चाहिए.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.