Giridih News :पत्थर खदान में छापेमारी, हाइवा, पोकलेन व ड्रिल मशीन जब्त

Giridih News :अवैध खनन के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत अनुमंडल प्रशासन व खनन विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को डुमरी थाना क्षेत्र के चीनो मौजा में एक अवैध पत्थर खदान में छापेमारी की.

इस दौरान पत्थर खनन व ढुलाई में लगे दो हाइवा, एक पोकलेन मशीन और एक ड्रिलिंग मशीन जब्त कर डुमरी थाना लाया गया. तीन मजदूरों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया. पूछताछ के बाद तीनों को छोड़ दिया गया. छापेमारी दल का नेतृत्व डुमरी के एसडीएम संतोष कुमार गुप्ता कर रहे थे. टीम में डुमरी के एसडीपीओ आबिद अली, सीओ शशिभूषण वर्मा, प्रभारी डीएमओ सह खनन निरीक्षक विश्वनाथ उरांव, थाना प्रभारी श्रीकांत कुमार सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे.

प्रभारी डीएमओ के आवेदन पर मामला दर्ज

प्रभारी डीएमओ सह खनन निरीक्षक के आवेदन पर अज्ञात संचालक के विरुद्ध डुमरी थाना में अवैध खनन, अवैध ढुलाई और खनिज चोरी का मामला दर्ज किया गया है. बताया गया कि प्रशासन को सूचना मिली थी कि चीनो मौजा में बिना खनन पट्टा के अवैध रूप से पत्थर का खनन और परिवहन किया जा रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद संयुक्त टीम ने छापेमारी कर यह कार्रवाई की. एसडीएम ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >