Giridih News : गिरिडीह में मां मथुरासिनी के जयकारे से माहौल हुआ भक्तिमय
Giridih News : माहुरी छात्रावास से निकाली गयी शोभायात्रा, रथ के साथ निकली झांकी
By MANOJ KUMAR | Updated at :
Giridih News : प्रतिनिधि, गिरिडीह. शीतलाष्टमी के दिन बुधवार को मां मथुरासिनी की पूजा धूमधाम के साथ भंडारीडीह स्थित माहुरी छात्रावास में की जायेगी. पूजनोत्सव को ले माहुरी समाज गिरिडीह ने भंडारीडीह स्थित माहुरी छात्रावास से मंगलवार को शोभा यात्रा निकाली. शोभा यात्रा में समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष, युवक-युवितयां व बच्चे शामिल हुए. रथ के साथ निकली झांकी आकर्षण का केंद्र बनी रही.
पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत :
शोभा यात्रा से पूर्व माहुरी छात्रावास में मां मथुरासिनी के पूजन को लेकर विधि-विधान के साथ ध्वजारोहण हुआ. माहुरी छात्रावास से निकली शोभा यात्रा कचहरी चौक, टावर चौक, काली बाड़ी चौक, शिव मुहल्ला, अग्रसेन चौक होते हुए वापस माहुरी छात्रावास पहुंची. इस दौरान शोभा यात्रा में शामिल श्रद्धालु मां मथुरासिनी के जयकारे लगाते रहे. वार्ड पार्षद आरती देवी के द्वारा शहर के टावर चौक के समीप पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया. वहां श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल व हलुवा की व्यवस्था भी की गयी थी.
पूजा के दौरान बरती जायेगी शुचिता :
शोभा यात्रा के बाद माहुरी छात्रावास में मां मथुरासिनी का पूजन व हवन हुआ. इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. रिवाज के अनुसार माहुरी समाज के लोग बुधवार को गरम खाना नहीं खायेंगे. इस दिन श्रद्धालु परंपरा के अनुसार ठंडा खाना खायेंगे. शोभायात्रा में मां मथुरासिनी पूजा समिति, माहुरी वैश्य मंडल, माहुरी नवयुवक समिति गिरिडीह के सुबोध प्रकाश, सुमित कुमार, मनीष विनायक, हब्लू गुप्ता, पिंटू तर्वे, मनीष, आकाश, उमाशंकर राम, विवेक कुमार गुप्ता, अमित कुमार, अनुभव कुमार, सुमित राजा, आलोक, अविनाश, गौतम, पूनम प्रकाश, शालिनी बैशखियार, वार्ड पार्षद आरती देवी, सतीश, चीकू समेत समाज कई लोग उपस्थित थे.