सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरो की 58 वर्षीय बसंती देवी, 48 वर्षीय कामता देवी, 54 वर्षीय रध्या देवी और 42 वर्षीय देवंती देवी शनिवार को खेत में काम करने गयीं थीं. दोपहर में अचानक तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गयी.
खेत से लौट रहीं थीं महिलाएं
बारिश से बचने के लिए चारों महिलाएं खेत से घर लौटने लगीं. बताया जाता है कि जैसे ही महिलाएं बसंती देवी के घर के समीप पहुंचीं वज्रपात हुआ. आकाशीय बिजली की चपेट में आने से चारों महिलाएं जमीन पर गिर गयीं. घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गयी. महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया. बताया गया की देवंती की हालत सामान्य है, जबकि बसंती, कामता व रध्या की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है.
