गावां में तीन माह से ठप है एंबुलेंस सेवा, मरीजों की बढ़ी परेशानी

गावां प्रखंड की सरकारी एंबुलेंस सेवा पिछले तीन महीनों से पूरी तरह ठप है, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. दोनों 108 एंबुलेंस के खराब होने से लोगों को आपात स्थिति में निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे ग्रामीणों में गहरा रोष है.

गावां प्रखंड में सरकारी एंबुलेंस सेवा करीब तीन माह से पूरी तरह चरमरायी हुई है. सीएचसी गावां में उपलब्ध दोनों 108 एंबुलेंस खराब होकर बेकार पड़ी हैं. इनकी मरम्मत नहीं होने से क्षेत्र के मरीजों को आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचाने के लिए निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है. इससे ग्रामीणों में नाराजगी है. गावां जिला मुख्यालय से करीब 90 किलोमीटर दूर है. ऐसे में एंबुलेंस सेवा का ठप होना ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या बन गया है.

आपात स्थिति में कॉल रिसीव नहीं होने से लोग होते हैं परेशान

बताया जाता है कि पूर्व में सीएचसी की एक 108 एंबुलेंस से स्थानीय स्तर पर आपातकालीन सेवा संचालित की जाती थी, लेकिन वह वाहन भी अब पूरी तरह खराब हो चुका है. ग्रामीणों का आरोप है कि आपात स्थिति में 108 नंबर पर बार-बार फोन करने के बावजूद कई बार कॉल रिसीव नहीं होती. इससे गंभीर मरीजों और घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में परेशानी हो रही है.

हादसे में घायल युवक को नहीं मिली समय पर एंबुलेंस

रविवार देर रात पिहरा-माल्डा पथ पर महेशपुर निवासी सुखी यादव सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गये. आसपास के लोगों ने तत्काल 108 नंबर पर फोन कर एंबुलेंस की मदद मांगी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. बताया गया कि घायल युवक एक घंटे से अधिक समय तक सड़क किनारे पड़ा रहा. बाद में सोशल मीडिया पर हादसे की तस्वीर देखने के बाद परिजन घटनास्थल पहुंचे और उसे गावां सीएचसी ले गये. वहां प्राथमिक उपचार के बाद रांची ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गयी. ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में इस तरह की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं.

सांसद से भी की गयी थी शिकायत

गावां क्षेत्र के दौरे पर पहुंची सांसद सह केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी से भी ग्रामीणों ने एंबुलेंस सेवा की बदहाली की शिकायत की थी. सांसद ने सिविल सर्जन से बात कर गावां में एंबुलेंस सेवा व्यवस्थित करने का निर्देश दिया था. इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है. सांसद ने अपने कोटे से एक एंबुलेंस उपलब्ध कराने की घोषणा भी की थी, पर इसे अब तक धरातल पर नहीं उतारा जा सका है.

परेशानी से वरीय अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है : चिकित्सा पदाधिकारी

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ नवीन कुमार ने बताया कि सीएचसी में उपलब्ध दोनों एंबुलेंस मरम्मत के अभाव में खराब पड़ी हैं. फिलहाल विधायक मद से पूर्व में उपलब्ध करायी गयी एक मिनी एंबुलेंस की मरम्मत कराकर आपातकालीन सेवाएं ली जा रही हैं. उन्होंने कहा कि एंबुलेंस की स्थिति से वरीय पदाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Binod pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >