Giridih News :सीसीएल सीपी साइडिंग झड़प मामले 16 नामजद व सौ अन्य पर प्राथमिकी

Giridih News :सीसीएल गिरिडीह कोलियरी की कबरीबाद खदान के क्रशर के पास पांच मई मंगलवार की रात हुई झड़प मामले में दोनों पक्षों के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. इसमें 16 नामजद सहित सौ लोगों को आरोपित किया गया है.

सीसीएल सुरक्षा विभाग के हवलदार भुनेश्वर मंडल ने मंगलवार को सीसीएल सुरक्षा प्रहरी, झारखंड होमगार्ड व सुरक्षा इंचार्ज गुडगू रामसागर के साथ मारपीट करने और जान से मारने की नीयत से हमला करने के मामले को लेकर मुफस्सिल थाना में आवेदन दिया था. आवेदन में श्री मंडल ने कहा है कि पांच मई को रात्रि नौ बजे के करीब छोटू दास, दिलीप दास, भुनेश्वर दास, दीपक दास, राजू दास, कोंका, सूरज दास, अक्षय दास सहित अन्य सौ अज्ञात व्यक्तियों ने कबरीबाद खदान परिसर में अनधिकृत रूप से कटीले तार की फेंसिंग को काटकर प्रवेश किया और क्रशर पर कोयला चोरी के उद्देश्य से धावा बोल दिया. कोयला क्रशर पर तैनात सीसीएल सुरक्षा प्रहरी अख्तर रजा, बलदेव गोप, विकास रविदास, मो. जमशेर, मो असगर अंसारी, फागू कोल, बिरजू भुइयां, झारखंड होमगार्ड के मो अफजल अंसारी, संतोष कुमार सिंह व सुरक्षा इंचार्ज गुडगू रामसागर के पर लोहे के रॉड, लाठी, चाकू आदि से हमला कर दिया. रामसागर को जान से मारने का प्रयास किया. रामसागर ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचायी. इसी क्रम में हमले के दौरान रामसागर, विकास रविदास, फागु कोल, बिरजू भुइयां, बलेदव गोप (सभी सीसीएल कर्मी) एवं होमगार्ड मो. अफजल अंसारी, संतोष कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों को सीसीएल अस्पताल बनियाडीह में भर्ती कराया गया, जहां सभी इलाजरत हैं. श्री मंडल ने आवेदन में कहा है कि इस हमले में कई बाइक व वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया है. आरोपियों ने साइडिंग रोड वेज ब्रिज में भी तोड़फोड़ कर क्षति पहुंचाई गई है. इससे राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान हुआ है. इससे उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया और सीसीएल को करीब 1200 टन कोयले के उत्पादन का नुकसान हुआ है. इससे लगभग 18 लाख रुपये की राजस्व की क्षति हुई. आवेदन के आधार पर मुफस्सिल थाना पुलिस ने कांड ( संख्या 109/26) धारा 191(2), 191(3), 190, 126(2), 115(2), 121, 132, 125(1), 324(3), 303(2), 118(1), 351(1), 109 बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की है.

दिलीप दास की मां की शिकायत पर मामला हुआ दर्ज

मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत नीचे खंडीहा निवासी 24 वर्षीय दिलीप दास की मौत मामले में मृतक की मां कौशल्या देवी के आवेदन पर पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है. आवेदन में कौशल्या देवी ने आरोप लगाया है कि बीते पांच मई की शाम करीब साढ़े सात बजे उनका इकलौता पुत्र दिलीप दास किसी जरूरी काम से अपनी बहन के घर बगुलवाटांड़ जा रहा था. जैसे ही वह सीसीएल के क्रशर मशीन के पास पहुंचा, तभी सीसीएल के तीन पेट्रोलिंग वाहन वहां पहुंचा. आरोप है कि वाहनों से 15-20 की संख्या में सीसीएल के सुरक्षा गार्ड उतरकर दिलीप को घेर लिए. कोलियरी मैनेजर सह प्रभारी सुरक्षा इंचार्ज राम सागर के साथ सीसीएल सुरक्षा गार्ड विकास दास, बिरजू भुइयां, होमगार्ड संतोष, शमीम अंसारी, मेहताब अंसारी, अख्तर अंसारी और फागू कोल्ह ने दिलीप को घेर लिया. आरोप है कि सभी ने एकजुट होकर पहले धमकी दी कि एक माह पूर्व उसे जेल भेजा गया था, लेकिन तुम नहीं बचेगा. इसके बाद राम सागर ने धारदार छुरा से दिलीप के सीने पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही काफी रक्तस्राव होने लगा. आरोप है कि घटना के बाद किसी भी आरोपी ने उसे इलाज के लिए अस्पताल नहीं पहुंचाया. इलाज के अभाव में दिलीप की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. मुफस्सिल थाना पुलिस ने बताया कि आवेदन के आधार पर कांड (संख्या 110/26) धारा 103, 118, 351(2), 318(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

मामले की हो रही जांच : एसडीपीओ

एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. मामले की गहनता से जांच चल रही है. जांच पूरी होने के बाद जो भी दोषी पाये जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने बताया कि पुलिस पर हुए पथराव के मामले में भी प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा और सभी मामलों में निष्पक्ष जांच के आधार पर कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >