Gridih News : गिरिडीह. मुफस्सिल थाना की पुलिस ने पीछा कर कार सवार दो युवकों को पकड़ा है. पकड़े गये नरेश सिंह और नितेश सिंह ने बताया है कि वे बिहार के सीवान जिले के महाराजगंज के रहने वाले हैं. दोनों शराब के नशे में धुत्त बताये जा रहे हैं. मिली जानकारी के अनुसार चार युवक एक ब्लू रंग की स्विफ्ट डिज़ायर कार से पाल्मो की ओर से गिरिडीह की तरफ आ रहे थे. इसी दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी के समीप उनकी कार की एक मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई. हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गये और कार सवारों को घेर लिया.
सूत्रों के मुताबिक जब स्थानीय लोगों ने उन्हें घेरा तो कार सवार युवकों ने पिस्टल निकालकर लहराना शुरू कर दिया. इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. भीड़ बढ़ती देख कार सवार युवक वाहन लेकर मौके से फरार हो गये. इसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना मुफस्सिल थाना की पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस ने पीछा शुरू किया. पुलिस को देखकर कार सवार युवक तेज रफ्तार में भागने लगे. इस दौरान उन्होंने रास्ते में दो अन्य लोगों को भी टक्कर मार दी. काफी देर तक खदेड़ने के बाद पुलिस ने उन्हें पचंबा थाना क्षेत्र के लखारी के पास पकड़ लिया. हालांकि, कार में सवार दो युवक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गये. बताया जाता है कि हिरासत में लिया गया एक युवक पूरी तरह शराब के नशे में था और बोलने की स्थिति में नहीं था. पुलिस उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गयी, वहीं दूसरे युवक को हिरासत में लेकर पचंबा थाना लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है. सूत्रों का यह भी कहना है कि पुलिस को देखते ही कार सवार युवकों ने चलते वाहन से ही पिस्टल बाहर फेंक दी थी. इसके बाद पुलिस ने संभावित स्थानों पर पिस्टल की तलाश शुरू की, लेकिन खबर लिखे जाने तक हथियार बरामद नहीं हो सका था.Gridih News : शराब के नशे में कार सवार युवकों का तांडव
Gridih News : एक्सीडेंट के बाद पिस्टल लहराने का आरोप, पुलिस ने दो को लिया हिरासत में, दो फरार
