Giridih News :तिरिलटांड़ पहुंचे डीसी, पीड़ित परिवार से मिले

Giridih News :मधुबन थाना क्षेत्र के दालान चलकरी गांव के तिरिलटांड़ में हाल ही में दंपती हत्याकांड की जानकारी लेने शुक्रवार को उपायुक्त रामनिवास यादव गांव में पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी.

इस दौरान उन्होंने परिवार को हरसंभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. उपायुक्त ने घटना के संबंध में स्थानीय लोगों से बातचीत की. उनके साथ डुमरी के एसडीपीओ आबिद खान, पीरटांड़ के बीडीओ मनोज मरांडी, थाना प्रभारी दीपेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं थाना प्रभारी मौजूद थे. उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार को सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं व सहायता राशि का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध करायें. साथ ही मृतक दंपती के बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए आवश्यक कदम उठायें.

ग्रामीणों ने रखी समस्या

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य व अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा. उपायुक्त ने संबंधित विभागों को समस्याओं के शीघ्र समाधान तथा लंबित विकास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि दूरस्थ गांवों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है. उपायुक्त ने गांव की पूरी स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को विकास की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर उसे जल्द धरातल पर उतारने का निर्देश दिया. कहा कि गांव के खराब जलमीनार शनिवार को ठीक कर दिया जाएगा. वहीं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि हत्याकांड में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और दोषियों को जल्द कानून के कटघरे में लाया जायेगा.

पीड़ित परिवार को जल्द मिलेगा न्याय

उपायुक्त ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा. पुलिस जल्द मामले का उद्भेदन करेगी. बच्चों के भविष्य को लेकर कल्याण विभाग सहित अन्य सरकारी लाभ दिलाया जायेगा. गांव के जरूरी समस्याओं का जल्द निदान होगा. उपायुक्त के दौरे से ग्रामीणों में न्याय मिलने और गांव के विकास को लेकर नई उम्मीद जगी हैं. मालूम रहे कि तिरिलटांड़ गांव में मंगलवार की रात पतिया हांसदा और उसकी पत्नी की हत्या कर दी गयी थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >