बेंगाबाद-नवडीहा मुख्य मार्ग पर देवा टांड़ गांव के पास सोमवार की दोपहर सीमेंट लदे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौत हो गयी, जबकि बाइक चला रहा पति घायल हो गया. दंपती बाइक से जमुआ प्रखंड के धोधो गांव से एक मैय्यत में शामिल होने बेंगाबाद के झबदाटांड़ गांव आ रहा था. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग जाम कर दिया. पुलिस मौके पर पहुंचकर जाम हटाने और यातायात सामान्य कराने में जुटी रही.
पत्नी बाइक से नीचे गिरकर ट्रक के नीचे दब गयी
बताया गया कि जमुआ प्रखंड के धोधो गांव निवासी बसरुद्दीन अंसारी अपनी पत्नी शाहिदा खातून (55) के साथ बाइक से बेंगाबाद के झबदाटांड़ गांव एक मैय्यत में शामिल होने आ रहा था. इसी दौरान देवाटांड़ गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे सीमेंट लदे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शाहिदा खातून बाइक से गिरकर ट्रक के नीचे दब गयीं. उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी तथा बसरूद्दीन अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गये. दुर्घटना में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गयी.
वाहन लेकर भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने पकड़ा
घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया. स्थानीय ग्रामीणों ने पीछा कर नवडीहा के पास ट्रक को पकड़ लिया. घटनास्थल पहुंची बेंगाबाद पुलिस ने घायल बसरूद्दीन को इलाज के लिए वहीं के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया.
महिला की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गये और सड़क पर आवागमन रोक दिया. इससे मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. पुलिस ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास कर रही थी. पुलिस ने घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को दे दी है. दुर्घटना को लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.
