जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में कथित फर्जीवाड़े की जांच के सिलसिले में सीआईडी रांची की टीम गुरुवार की रात बेंगाबाद पहुंची. बेंगाबाद पुलिस के सहयोग से टीम ने पहले बेंगाबाद चौक के आसपास भ्रमण किया. इसके बाद जवानों से भरी टीम की एक गाड़ी अचानक बाजार स्थित एक मिष्ठान भंडार के सामने रुकी. टीम ने वहां मौजूद जेएसएससी-सीजीएल में सफल होकर एएसओ बने समीर उर्फ शालू को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ के लिए साथ ले गयी.
मिठाई बेचने में व्यस्त था समीर
बताया गया कि रक्षाबंधन और सावन पूर्णिमा को लेकर समीर रांची से छुट्टी में बेंगाबाद आया था. वह अपने परिजनों के साथ बेंगाबाद बाजार स्थित प्रतिष्ठान में ग्राहकों को मिठाई बेचने में व्यस्त था. इसी दौरान सीआईडी की टीम वहां पहुंची और उसे अपने साथ ले गयी. अचानक पुलिस को सामने देख परिजन और दुकान में मौजूद लोग सकते में आ गये.
घर से इलेक्ट्रॉनिक सामान व मोबाइल लेने की सूचना
सीआईडी टीम समीर को उसके प्रतिष्ठान से लेकर बेंगाबाद बस्ती स्थित घर भी पहुंची. सूत्रों के अनुसार, टीम ने उसके घर से कुछ इलेक्ट्रॉनिक सामान और मोबाइल फोन भी कब्जे में लिये हैं. इसके बाद सीआईडी की टीम क्षेत्र के अन्य स्थानों पर छापेमारी के लिए निकल गयी. हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आयी है. टीम ने फिलहाल जांच-पड़ताल की बात कही है.
परिजनों में मचा हड़कंप
समीर को मिष्ठान भंडार से ले जाने के बाद उसके परिजनों में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में दुकान का शटर बंद कर परिजन वहां से निकल गये. सीआईडी की कार्रवाई को लेकर बेंगाबाद बाजार में भी देर रात तक चर्चा होती रही.
अभय तिवारी के ससुराल से जुड़ रहा जांच का तार
बता दें कि जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में कथित फर्जीवाड़े और नौकरी दिलाने के मामले में मास्टरमाइंड बताये जा रहे अभय तिवारी का ससुराल बेंगाबाद के हथबोर गांव में है. इससे पहले सीआईडी की टीम अभय तिवारी के ससुर सहायक शिक्षक विकास पांडेय को पूछताछ के लिए रांची ले गयी थी.
मास्टरमाइंड का ससुराल बेंगाबाद क्षेत्र में होने के कारण जांच एजेंसी इस इलाके के सफल अभ्यर्थियों की भूमिका और कथित सेटिंग की संभावनाओं को भी खंगाल रही है. इसी क्रम में सीआईडी की टीम लगातार क्षेत्र में छापेमारी और पूछताछ कर रही है.
