झामुमो कार्यकर्ताओं द्वारा शुक्रवार को झंडा मैदान में छात्रों के साथ की गयी कथित मारपीट के विरोध में शनिवार को भाजपाइयों और छात्र संगठनों ने गिरिडीह में प्रदर्शन किया. इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झामुमो के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गयी. मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने को लेकर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच काफी देर तक खींचतान होती रही. पुलिस की रोक के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया.
झंडा मैदान में जुटे भाजपा नेता व छात्र संगठन
शनिवार की शाम करीब चार बजे भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और छात्र संगठनों के सदस्य झंडा मैदान में जुटे. प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री का पुतला लेकर टावर चौक की ओर जाने की तैयारी में थे. इसी दौरान एसडीएम सहित पुलिस के कई वरीय अधिकारी झंडा मैदान पहुंचे और पुतला दहन नहीं करने का निर्देश दिया. प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे.
भाजपा गिरिडीह महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय के पास मुख्यमंत्री का पुतला था. पुलिसकर्मियों ने पुतला छीनने का प्रयास किया, जिसके बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुतले को पकड़ लिया. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की और खींचतान हुई. प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री और झामुमो के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच की मांग की.
आंबेडकर चौक पर सड़क पर बैठकर किया प्रदर्शन
झंडा मैदान से प्रदर्शनकारी टावर चौक की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने आंबेडकर चौक के पास उन्हें रोक दिया. इसके बाद भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय के नेतृत्व में कार्यकर्ता मुख्य सड़क पर बैठ गये और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. सड़क पर प्रदर्शन के कारण कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा.
बाद में पुलिस ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद भी बड़ी संख्या में छात्र और भाजपा कार्यकर्ता आंबेडकर चौक पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. इसके बाद वे गिरफ्तार नेताओं से मिलने गिरिडीह स्टेडियम पहुंचे.
पुलिस की रोक के बावजूद कई जगह पुतला दहन
पुलिस द्वारा पुतला दहन रोकने के प्रयास के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया. भाजपा नेताओं ने दावा किया कि झंडा मैदान, मधुबन वेजिज के सामने, टावर चौक और गिरिडीह स्टेडियम के सामने पुतला दहन किया गया.
पुलिस की ओर से पुतला दहन रोकने के लिए कई स्थानों पर बल तैनात किया गया था. प्रदर्शनकारियों ने कई पुतले तैयार कर रखे थे. एक स्थान पर पुलिस की रोक होने पर दूसरे स्थान पर जाकर पुतला दहन किया गया.
भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष समेत 16 गिरफ्तार, बाद में रिहा
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने भाजपा गिरिडीह महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय समेत 16 लोगों को गिरफ्तार किया. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी को गिरिडीह स्टेडियम में बनाए गये अस्थायी ओपन जेल में रखा गया. प्रदर्शन समाप्त होने के बाद सभी को रिहा कर दिया गया.
गिरफ्तार होने वालों में रंजीत कुमार राय के अलावा महादेव दुबे, सुनील पासवान, सुरेश प्रसाद मंडल, नवीन सिन्हा, सुभाष चंद्र सिन्हा, मनोज साहू, दीपक यादव, महेंद्र वर्मा, राजकिशोर साव, मनीष वर्मा, मनोज पांडेय, जागेश्वर यादव, प्रेम रंजन, सौरव ठाकुर और प्रशांत चंद्रवंशी शामिल थे.
मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चुन्नूकांत, महादेव दुबे, अजय रंजन सिंह, सुभाषचंद्र सिन्हा, सुनील पासवान, अनूप सिन्हा, देवराज, मुकेश जालान, जयशंकर सिन्हा, हरमिंदर सिंह बग्गा, कुंदन सिंह, विक्की गुप्ता, मनीष वर्मा, साहिल शर्मा, आजसू नेत्री प्रियंका शर्मा, आजसू कार्यकारी जिलाध्यक्ष कंपू यादव, मनोज साहू, अक्षय यादव सहित कई लोग मौजूद थे.
वहीं, प्रशासन की ओर से एसडीएम धीरेंद्र कुमार, बीडीओ गणेश रजक, सीओ जितेंद्र प्रसाद, सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, डीएसपी वन व टू नीरज कुमार सिंह व आरके राणा, पचंबा थाना इंस्पेक्टर ज्ञानरंजन समेत विभिन्न थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात रहे.
