पीरटांड़ थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर गिरिडीह-डुमरी मुख्य पथ पर सोमवार की रात अचानक एक विशाल बरगद का पेड़ गिर गया. इससे मुख्य मार्ग पर कुछ देर के लिए आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया. हालांकि राहत की बात रही कि इस दौरान सड़क से कोई वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था. इससे बड़ा हादसा टल गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई.
पीरटांड़ पुलिस ने की त्वरित पहल
सूचना मिलते ही पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया. उन्होंने सड़क पर यातायात बहाल कराने के लिए तुरंत आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया. रात में ही जेसीबी मशीन मंगायी गयी और सड़क पर गिरे पेड़ को हटा दिया गया. आवागमन फिर से सामान्य हो गया. रात के समय सड़क पर पेड़ गिरने के कारण कुछ देर तक वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को परेशानी हुई.
बेहतर पुलिसिंग की सराहना
स्थानीय लोगों ने घटना के बाद पुलिस की तत्परता की सराहना की. लोगों का कहना था कि रात में ही जेसीबी बुलाकर सड़क से पेड़ हटवाने के कारण यातायात जल्द बहाल हो सका. साथ ही, समय पर कार्रवाई से संभावित दुर्घटना की आशंका भी टल गयी.
