नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने शनिवार को गिरिडीह परिसदन में प्रेस कांफ्रेंस कर छात्रों के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर राज्य सरकार और झामुमो पर गंभीर आरोप लगाये. उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ हुई मारपीट एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा है. हेमंत सरकार ने छात्रों के साथ छल किया है. जब छात्रों को सरकार के इस कथित छल का एहसास हुआ, तो उनमें आक्रोश उत्पन्न होना स्वाभाविक है. इसी आक्रोश के तहत छात्रों ने विभिन्न जिलों में मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन झामुमो कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मारपीट की.
18 अगस्त को ही लिख दी गयी थी पटकथा : मरांडी
बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि पूरे घटनाक्रम की पटकथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 18 अगस्त को ही लिख दी थी और इसका एपिक सेंटर गिरिडीह रहा. उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे छात्रों को दबाने के लिए झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लाठियां बरसायीं. गिरिडीह के झंडा मैदान में हुई घटना में कई छात्र घायल हुए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों की मांग कर रहे युवाओं और छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है.
जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा भर्ती की सीबीआई जांच की मांग
नेता प्रतिपक्ष ने जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा भर्ती मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि 22 नियुक्तियों को एक साथ रद्द करना सरकार की शातिर चाल थी. भाजपा ने पहले ही कहा था कि पर्याप्त जानकारी के बिना परीक्षा रद्द करने का फैसला अदालत में टिक नहीं पायेगा. नियुक्ति रद्द करने के मामले में कोर्ट द्वारा स्टे लगाये जाने के बाद छात्रों ने 21 अगस्त को जिला मुख्यालयों में राज्य सरकार का पुतला दहन करने की घोषणा की थी. मरांडी ने आरोप लगाया कि पुतला दहन कर रहे छात्रों पर कई जगह झामुमो कार्यकर्ताओं ने लाठियां बरसायीं.
दोषियों पर कार्रवाई करे पुलिस
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि गिरिडीह में एक्स पर एक पोस्ट के जरिये झामुमो की आपात बैठक बुलाने की सूचना दी गयी थी. उन्होंने पुलिस से इमरान अजीज को चिह्नित कर केस दर्ज करने और यह पूछने की मांग की कि आपात बैठक किस उद्देश्य से बुलायी गयी थी. उन्होंने कहा कि राज्य में छात्रों की पिटाई से जुड़े वीडियो मौजूद हैं और यह किसी संगठन विशेष का नहीं, बल्कि पूरे राज्य के छात्रों से जुड़ा मुद्दा है. उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के साथ खड़ी है और संवैधानिक अधिकारों को कुचलने का विरोध करेगी. जरूरत पड़ी तो पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी.
घायल छात्र नेता से मिले बाबूलाल
प्रेस कांफ्रेंस के बाद बाबूलाल मरांडी शनिवार को सदर अस्पताल पहुंचे और शुक्रवार शाम की घटना में घायल छात्र नेता मंटू मुर्मू से मुलाकात की. उन्होंने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि सत्ता के बल पर छात्रों को डराने का प्रयास सफल नहीं होगा और भाजपा छात्रों के हक की लड़ाई में मजबूती से उनके साथ खड़ी है.
प्रेस वार्ता में भाजपा गिरिडीह महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चुन्नूकांत, महादेव दुबे, मुनिया देवी, नवीन सिन्हा, सिकंदर हेम्ब्रम, सुरेश मंडल, अशोक उपाध्याय, सुभाष चंद्र सिन्हा, मुकेश जालान, राजेश जयसवाल, सुनील पासवान, मिथुन चंद्रवंशी, संतोष गुप्ता सहित अन्य मौजूद थे. अस्पताल में बाबूलाल के साथ रंजीत राय, दिलीप वर्मा, चुन्नूकांत, राजेश जयसवाल, संतोष गुप्ता और अरविंद बरनवाल भी मौजूद रहे.
