Giridih News : गिरिडीह. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झरियागद्दी में दहेज को लेकर तीन बच्चों की मां पूर्णिमा पंडित की हत्या कर शव जला दिये जाने का गंभीर मामला सामने आया है. मृतका के मायके पक्ष ने इस संबंध में मुफस्सिल थाना में आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
शव जले होने के साक्ष्य मिले :
मायके वालों ने आरोप लगाया है कि पूर्णिमा के पति रामेश्वर पंडित और सास भारती देवी ने बुधवार दोपहर दिनदहाड़े इस घटना को अंजाम दिया. सूचना मिलने पर मृतका के परिजन तत्काल गिरिडीह पहुंचे और थाना में आवेदन दिया. इसके आधार पर मुफस्सिल थाना पुलिस ने झरियागद्दी स्थित ससुराल और नदी तट पर जांच की. यहां एक शव जले होने के साक्ष्य मिले. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है.इलाके के लोगों को वारदात की भनक तक नहीं मिली : बताया जा रहा है कि घटना दिन के उजाले में हुई. बावजूद इसके इलाके के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी. वारदात के बाद से मृतका के ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार बताये जा रहे हैं. मृतका के पिता सागर पंडित ने बताया कि दो दिन पहले ही उनकी बेटी से आखिरी बार बातचीत हुई थी. इसके बाद बुधवार को पूर्णिमा की चचेरी ननद संगीता कुमारी ने फोन कर हत्या और शव जलाने की सूचना दी. सूचना मिलते ही परिजन गिरिडीह पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी.
मामले की जांच की जा रही है : थाना प्रभारीमामले को लेकर मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि मृतका के पिता ने मुफस्सिल थाना में आवेदन दिया है. आवेदन मिलते ही पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया. उन्होंने कहा कि शव पूरी तरह जल जाने से यह स्पष्ट करना फिलहाल मुश्किल है कि मौत किस तरह हुई है. बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. घटना के बाद से मृतका के ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार बताये जा रहे हैं. मायके पक्ष के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.
