Giridih News : प्रतिनिधि, गिरिडीह. केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने झारखंड के माइका उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी से मुलाकात की. माइका क्षेत्र से जुड़े हितधारकों, उद्योग प्रतिनिधियों, श्रमिक संगठनों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ जल्द ही नयी दिल्ली में एक व्यापक बैठक आयोजित करने पर दोनों मंत्रियों में सहमति बनी. इस बैठक का फोकस ठोस एवं स्थायी समाधान पर होगा.
केंद्र सरकार प्रतिबद्ध :
मंत्रियों की मुलाकात के दौरान संबंधित मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे. मौके पर कोडरमा एवं गिरिडीह क्षेत्र में माइका उद्योग की स्थिति, श्रमिकों की समस्याएं, माइका एसोसिएशन और वर्कर एसोसिएशन की मांगों सहित उद्योग के समग्र विकास पर विस्तृत चर्चा की गयी. बताया गया कि केंद्र सरकार माइका खनन को पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है. साथ ही श्रमिक हितों की सुरक्षा, रोजगार के अवसरों में वृद्धि और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करने पर विशेष जोर दिया जायेगा.
ठोस परिणाम की जगी उम्मीद :
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी की पहल को माइका क्षेत्र विशेषकर कोडरमा व गिरिडीह के लिए सकारात्मक कदम माना जा रहा है. भाजपा गिरिडीह महानगर के कोषाध्यक्ष मुकेश जालान ने इस मुलाकात को राज्य के माइका उद्योग के पुनरोत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया. उन्होंने कहा कि इस पहल से वर्षों से लंबित समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है. केंद्र सरकार के प्रयासों से न सिर्फ उद्योग को मजबूती मिलेगी, बल्कि हजारों श्रमिकों और उनके परिवारों का भविष्य भी संवरेगा. उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी दिल्ली बैठक से ठोस परिणाम सामने आएंगे और गिरिडीह-कोडरमा क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा.