नगर थाना इलाके के बरमसिया के रहनेवाले नारायण सिंह के घर पहुंची टीम
गिरिडीह : आय से अधिक सम्पति के एक मामले की जांच करने शुक्रवार को एसीबी धनबाद की टीम गिरिडीह पहुंची. टीम के अधिकारी नगर थाना इलाके के बरमसिया के रहनेवाले नारायण सिंह के घर पहुंची और कई कागजातों को खंगालने के बाद पूछताछ की. बताया जाता है कि एक व्यक्ति ने आरइओ से रिटायर नारायण सिंह के खिलाफ आय से अधिक सम्पति अर्जित करने की शिकायत की थी.
लोकायुक्त के पास शिकायत करने के उपरांत मामले की जांच का जिम्मा निगरानी को सौंपा गया था. इस शिकायत की जांच करने पिछले शुक्रवार को भी एसीबी के अधिकारी पहुंचे थे. एक सप्ताह बाद पुन: टीम पहुंची और मामले की जांच की. जांच के बाद टीम ने किसी प्रकार की जानकारी देने से इंकार किया. इस दौरान गिरिडीह के बीडीओ अशोक कुमार, सीओ धीरज ठाकुर के साथ नगर पुलिस के पदाधिकारी भी मौजूद थे.
