साइबर क्राइम के आरोपी हैं दोनों
द्वारपहरी गांव के हैं रहनेवाले
जमुआ : साइबर क्राइम के मामले में मंगलवार को हैदराबाद पुलिस जमुआ पहुंची. जमुआ पुलिस के सहयोग से थाना क्षेत्र के द्वारपहरी गांव के बबलू अंसारी (पिता अब्दुल अंसारी) व शंकर मंडल (पिता बहादुर मंडल) को घर से दबोचा. हैदराबाद राक्षा खोंडा कमिशनर ऑफिस साइबर सेल के एसआइ आशीष रेड्डी, जमुआ थाना प्रभारी केदारनाथ प्रसाद, पुलिस पदाधिकारी अवधेश मिश्रा, आरएन सिंह ने पुलिस जवानों के सहयोग से साइबर क्राइम के आरोप में दोनों को गिरफ्तार किया. हैदराबाद साइबर सेल के एसआइ आशीष रेड्डी ने कहा कि बबलू अंसारी के बचत खाता (कैनरा बैंक जमुआ के शाखा) में जून -जुलाई 2016 में मोटी रकम भेजी जा रही थी.
इसी क्रम में नवंबर माह में हैदराबाद कोचम पल्ली के लिंगा स्वामी के एकाउंट से 98 हजार रुपये साइबर अपराधियों ने उड़ा लिया था और द्वारपहरी गांव के बबलू अंसारी के बचत खाते में डाला गया. मामले की छानबीन में पता चला कि कमीशन के आधार पर उक्त दोनों युवक बैंक खाता में राशि भेजने व निकालने का काम कर रहे थे. बताया कि दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और बुधवार को गिरिडीह कोर्ट से परमिशन लेने के बाद हैदराबाद न्यायालय में पेश किया जायेगा.
