बस स्टैंड में गंदगी देख बिफरे नप अध्यक्ष

शिकायत के आलोक में नप अध्यक्ष ने किया बस स्टैंड का निरीक्षण गिरिडीह : नप अध्यक्ष दिनेश प्रसाद यादव ने गुरुवार को गिरिडीह स्थित बस स्टैंड का निरीक्षण किया. इस दौरान बस स्टैंड में पसरी गंदगी को देख कर वे बिफर पड़े. तत्काल उन्होंने नप के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव कुमार मिश्र से फोन पर बात […]

शिकायत के आलोक में नप अध्यक्ष ने किया बस स्टैंड का निरीक्षण
गिरिडीह : नप अध्यक्ष दिनेश प्रसाद यादव ने गुरुवार को गिरिडीह स्थित बस स्टैंड का निरीक्षण किया. इस दौरान बस स्टैंड में पसरी गंदगी को देख कर वे बिफर पड़े. तत्काल उन्होंने नप के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव कुमार मिश्र से फोन पर बात की और गंदगी की जानकारी दी. साथ ही संवेदक के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही. कुछ लोगों ने नप अध्यक्ष से गंदगी फैले रहने की शिकायत की थी.
इसी शिकायत के आलोक में श्री यादव ने बस स्टैंड का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया. श्री यादव ने बताया कि बस स्टैंड की बंदोबस्ती के दौरान संवेदक को चार सफाई मजदूरों को रखने का निर्देश दिया गया था. इन सफाई मजदूरों से नियमित सफाई कराने एवं इनका मोबाइल नंबर नप को देने की बात भी कही गयी थी. श्री यादव ने बताया कि न तो संवेदक राकेश साव द्वारा सफाई मजदूरों को रखा गया है और न ही उनका मोबाइल नंबर कार्यालय को दिया गया है.
उन्होंने बताया कि नप के राजेश अग्रवाल को साफ-सफाई की नियमित रूप से मॉनीटरिंग करने की जिम्मेवारी सौंपी गयी है. परंतु उनके द्वारा भी साप्ताहिक रिपोर्ट कार्यालय को भेजी नहीं गयी है. नप अध्यक्ष ने कहा कि सफाई अभियान में किसी तरह की लापरवाही बरदाश्त नहीं की जायेगी. वार्ड पार्षद सह जनता मजदूर संघ के अध्यक्ष शिवम श्रीवास्तव ने कहा कि बस पड़ाव में साफ-सफाई व अन्य कार्यों को लेकर संघ ने उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा था. साथ ही अध्यक्ष से मिल कर उन्हें यह जानकारी दी गयी थी कि बस स्टैंड में नियमित रूप से सफाई नहीं हो रही है. उन्होंने कहा कि अगर सफाई कार्य में कोताही बरती गयी तो आंदोलन किया जायेगा.
संवेदक से मांगा गया है स्पष्टीकरण : कार्यपालक पदाधिकारी : नप के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव कुमार मिश्र ने कहा कि बस स्टैंड में सफाई का कार्य संवेदक को करना है.
परंतु सफाई व्यवस्था पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है. गुरुवार को नप अध्यक्ष द्वारा सूचना देने के साथ ही नप कर्मियों को भेज कर बस स्टैंड में सफाई कार्य कराया गया है. श्री मिश्र ने बताया कि सफाई कार्य में लापरवाही व बंदोबस्ती शर्तों का अनुपालन नहीं करने को लेकर संवेदक राकेश साव से स्पष्टीकरण मांगा गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >