डायन बता महिला को पीट-पीटकर मार डाला

अंधविश्वास. चार दिन पूर्व हुई थी एक बच्चे की मौत, ओझा ने मौत का कारण जादू-टोना बताया डायन बता कर एक आदिवासी महिला की हत्या पीट-पीटकर कर देने तथा एक अन्य महिला की जम कर पिटाई कर घायल करने का मामला प्रकाश में आया है. मामला सरिया थाना क्षेत्र के पंदनाटांड़ गांव का है. इस […]

अंधविश्वास. चार दिन पूर्व हुई थी एक बच्चे की मौत, ओझा ने मौत का कारण जादू-टोना बताया
डायन बता कर एक आदिवासी महिला की हत्या पीट-पीटकर कर देने तथा एक अन्य महिला की जम कर पिटाई कर घायल करने का मामला प्रकाश में आया है. मामला सरिया थाना क्षेत्र के पंदनाटांड़ गांव का है. इस संबंध में सरिया थाना में मामला भी दर्ज कराया गया है.
हजारीबाग रोड. सरिया थाना क्षेत्र के आदिवासी बहुल गांव पंदनाटांड़ में डायन बताकर एक आदिवासी महिला की हत्या पीट-पीटकर कर दी गयी. वहीं एक अन्य महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. इस संबंध में मृतका के पुत्र बुधन टुडू ने सरिया थाना में मामला दर्ज कराया है. घटना मंगलवार की है.
मृतका ननकी देवी (70 वर्ष) के पुत्र जयलाल टुडू व बुधन टुडू के अनुसार पंदनाटांड़ गांव के ही रामू टुडू का दस वर्षीय पुत्र वीरेंद्र टुडू बीमार था़ उसका इलाज गांव में ही झोला छाप डाॅक्टर से कराया जा रहा था़ इसी बीच चार दिन पूर्व उसकी मौत हो गयी. इसके बाद रामू टुडू किसी झाड़ फूंक करने वाले के पास गया तो उसने बच्चे की मौत का कारण जादू-टोना बताया. इसके बाद सोमवार की रात रामू टुडू, उसके भाई सुखदेव टुडू व उसके परिजन उसकी मां ननकी देवी व पड़ोस की मुंगो देवी पर डायन का आरोप लगा कर घसीटते हुए अपने घर ले गये. आरोपियों ने रात भर घर के आंगन में दोनों महिलाओं के साथ जम कर मारपीट की.
घटना के समय घर में कोई पुरुष नहीं था. बीच-बचाव करने गयी महिलाओं को भी मारपीट कर भगा दिया गया. मंगलवार की सुबह ननकी देवी की मौत हो गयी़ उसके बाद शव को घर के आंगन में ही छोड़ दिया गया़ मुंगो देवी को भी मारपीट कर छोड़ दिया गया. उसका इलाज गांव में ही किया जा रहा है़ बुधवार को घटना की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी. इसके बाद सरिया पुलिस व सरिया मध्य के जिप सदस्य अनूप पांडेय घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया है. पुलिस ने इस संबंध में ग्रामीणों से भी पूछताछ की. इधर आरोपी के घर के सभी लोग भाग गये हैं.
ऊहापोह में थे ग्रामीण : महिला की हत्या के बाद ग्रामीण और महिला के परिजन ऊहापोह में थे. कुछ लोग महिला का अंतिम संस्कार करने की बात कह रहे थे तो कुछ मामले की जानकारी पुलिस को देने की बात कह रहे थे. अंतत: घटना के दूसरे दिन बुधवार को मामले की जानकारी पुलिस को दी गयी.
घटना की जानकारी मिली है. हत्यारे जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे. किसी भी कीमत पर दोषियों को छोड़ा नहीं जायेगा. अारोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी.
दीपक कुमार शर्मा, बगोदर – सरिया एसडीपीओ

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >