कोडरमा सांसद डॉ रवींद्र राय ने सदन में रखी मांग
गिरिडीह. कोडरमा सांसद डॉ रवींद्र कुमार राय ने मंगलवार को लोकसभा में सरिया में रेलवे ओवरब्रिज बनाने का मामला उठाया. उन्होंने सदन को बताया कि हजारीबाग रोड-केश्वरी रेलवे स्टेशनों के बीच ऊपरी सड़क पुल का निर्माण वर्षों से लंबित है. इस ओवर ब्रिज से संबधित सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं. राज्य और रेलवे विभाग का पैसा भी आपस में निर्धारित हो चुका है.
लेकिन खेद का विषय है कि पुल का निर्माण अभी तक शुरू नहीं करवाया गया है, जिसके कारण प्रतिदिन यहां लंबा जाम लगता है. उन्होंने कहा कि इस पुल के नहीं होने से जनता को काफी असुविधा हो रही है. सांसद डाॅ राय ने सदन के माध्यम से रेल मंत्री से अाग्रह किया कि अविलंब इस ओवर ब्रिज का निर्माण करवाया जाये.
बिल की जांच को पहुंचे अवर सचिव
परिसदन में अधिकारियों के साथ की बैठक
मुख्यमंत्री विकास योजना से संबंधित बिल की भी जांच
गिरिडीह. ग्रामीण विकास विभाग के अवर सचिव अनिल कुमार सिंह डीसी(डारेक्ट कंटीजेंस ) बिल की जांच करने मंगलवार को गिरिडीह पहुंचे. इस दौरान परिसदन में उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक की.
शीर्ष 2505 तथा 4115 से निकासी की गयी राशि के बाबत बिल की जांच भी की. उन्होंने मुख्यमंत्री विकास योजना से संबंधित बिल की जांच की. जांच के दौरान कुछ बिल लंबित रहने के कारण कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी. अवर सचिव ने डीडीसी वीरेंद्र भूषण को बिल का अनुपालन के लिए आठ दिसंबर को रांची बुलाया है. उसी दिन सभी बिल की जांच-पड़ताल की जायेगी. अवर सचिव श्री सिंह ने बताया कि जिस बिल से जितनी राशि की निकासी हुई है, उसका हिसाब सरकार को देना है. योजना के पूर्व राशि निकासी तथा योजना के बाद इसका उपयोगिता प्रमाण पत्र का वाउचर संलग्न करना जरूरी है. इसी की जांच के लिए वे गिरिडीह पहुंचे और संबंधित विभाग के अधिकारियों से बातचीत की. मौके पर डीडीसी वीरेंद्र भूषण समेत विभिन्न विभाग के अधिकारी मौजूद थे.
