हजारीबाग व सीआरपीएफ के डीआइजी ने ली अभियान की जानकारी
पीरटांड़. पारसनाथ से नक्सलवाद के खात्मे को लेकर पुलिस व सीआरपीएफ द्वारा चलाये जा रहे ऑपरेशन हिल विजय के तहत बुधवार को पारसनाथ का एरियल सर्वे किया गया. हजारीबाग प्रक्षेत्र के डीआइजी उपेंद्र कुमार व सीआरपीएफ बोकारो के डीआइजी सुरेश शर्मा ने हैलिकॉप्टर के माध्यम से पारसनाथ जंगल व पीरटांड़ के दूसरे इलाके का जायजा लिया. जायजा लेने के बाद पारसनाथ में बने हैलिपेड पर हेलिकॉप्टर की ट्रायल लैंडिंग भी की गयी.
अभियान से रूबरू : पारसनाथ में लैंडिंग के बाद डीआइजी ने एसपी अखिलेश बी वारियर से इलाके में चलाये जा रहे अभियान की जानकारी ली तथा पारसनाथ में अभियान को लेकर तैनात जवानों का भी हाल जाना. बताया जाता है कि इस दौरान डीआइजी उपेंद्र कुमार व सुरेश शर्मा ने अभियान को गति देने और नक्सलियों के संदर्भ में जानकारी इकट्ठा कर कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया. इस दौरान उन्होंने नक्सलियों के मददगार लोगों को भी चिह्नित करने को कहा.
पुराने नोट को खपाने की योजना पर चर्चा : नोटबंदी के बाद नक्सली लेवी का पैसा खपाने में सक्रिय हो गये हैं. इस पर डीआइजी उपेंद्र कुमार ने एसपी को विशेष नजर रखने को कहा. नक्सल प्रभावित इलाकों में वाहनों की जांच निरंतर जारी रखने के साथ-साथ नोट खपाने की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
कैंप में हुई बैठक : पारसनाथ पहाड़ के दौरा के बाद मधुबन स्थित सीआरपीएफ कैंप में अधिकारियों की बैठक हुई. हाल के दिनों में मधुबन व नावाडीह में नक्सलियों के द्वारा किये गये विस्फोट के मामले की गहन जानकारी ली गयी. नक्सली दस्ता हाल के दिनों में किन इलाकों में पहुंचा और क्या-क्या गतिविधि रही है, इसकी भी जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिया. मौके पर सीआरपीएफ के कमांडेंट निशित कुमार, एएसपी कुणाल, दीपक कुमार समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे. एएसपी दीपक कुमार ने कहा कि अधिकारी सुरक्षा व नक्सल अभियान का जायजा लेने आये थे.
