जमुआ : जमुआ थाना क्षेत्र के काजीमगहा एवं चांदडीह (कराहडीह) की दो महिलाओं ने पड़ोसियाें पर मारपीट व छेड़खानी करने का आरोप लगाते हुए जमुआ थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. आवेदन में काजीमगहा की एक महिला ने कहा कि 17 नवंबर की सुबह अपने घर के दरवाजे पर खड़ी थी. इसी बीच पड़ोसी मो. महताब आलम, मो. शालिक , नुरुला सिद्दीकी, मो. असलम, मो. तारिक अनवर, जफरे आलम, मो. फकरे आलम , मो. आजुल इसलाम, मो. हालिम एवं मो. वायजुल इसलाम आदि एक मत होकर आये और गाली-गलौज करने लगे.
विरोध करने पर मो. महताब आलम ने हाथ पकड़ना चाहा और अन्य लोगों ने धक्का दे दिया. हो हल्ला सुनकर मेरा देवर आया तो आरोपितों ने उसके साथ भी मारपीट की. इधर, थाना प्रभारी ने आवेदन के आधार पर कांड संख्या 250 /16 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है. दूसरी घटना खरगडीहा पंचायत अंतर्गत चांदडीह (करहाडीह) की है. चांदडीह की एक महिला ने गांव के ही आनंद शर्मा, जनार्दन शर्मा एवं सच्चिदानंद शर्मा पर छेड़खानी का आरोप लगाया है. महिला का कहना है कि वह 16 नवंबर की शाम पांच बजे अपने कुआं से पानी लेकर घर आ रही थी. घर के बगल में आलू का खेत है.
जिसमें गांव के आनंद शर्मा (45) घुस गया. जब मेरे पति ने देखा और दौड़ कर आये तो आनंद शर्मा ने मारपीट शुरू कर दी. बीच-बचाव के दौरान बबलू कुमार शर्मा ने छेड़खानी भी की. आवेदन के आलोक में थाना में कांड संख्या 251/16 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, जो भी दोषी होंगे, उनपर कार्रवई की जाएगी.
