गिरिडीह/राजधनवार. नहाय-खाय के साथ शुक्रवार को लोक आस्था का महापर्व छठ शुरू हो गया. व्रतियों ने सुबह ही स्नान-ध्यान कर घर-बरतन साफ कर कद्दू-भात, देसी घी और सेंधा नमक से पकाकर प्रसाद ग्रहण किया. पर्व को लेकर क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया है.
सजा बंसखंडा का बाजार : छठ डलिया को लेकर बंसखंडा का बाजार भी सजने लगा है. धनवार के शुकरी हाट में शुक्रवार को सूप, मोनी, दौरान, मौना आदि का बाजार गरम था. हालांकि खरीद-बिक्री भी खूब हुई. सूप 60 से 80 रुपये, दौरा 80 से 100 रुपये, डलिया 80 से 100 रुपये, मोना 70 से 100 रुपये तक खरीद-बिक्री होते देखा गया. विदित हो कि पर्व में अर्घ्य अर्पण मुख्य रूप से बंसखंडा में ही होता है.
राजधनवार में हुआ छठ घाट का उद्घाटन : शुक्रवार को धनवार के गरजासारन पंचायत अंतर्गत चितरडीह तालाब में विधायक मद से बने छठ घाट का विधायक प्रतिनिधि सह माले प्रखंड सचिव किशोरी अग्रवाल और जिप सदस्या रेखा अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया. मौके पर गोविंद साव, अजीत साव, मुंशी साव आदि दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे.
