डुमरी/देवरी : डुमरी और देवरी थाना क्षेत्र में रविवार की रात आग लगने की घटनाओं में दो लाख से अधिक की संपत्ति राख हो गयी. डुमरी नागाबाद निवासी प्रमोद कुमार की पंचायत सचिवालय के समीप स्थित कपड़ा और जूता की दुकान में आग लग गयी. आसपास के लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखे जूते व कपड़े जल चुके थे.
प्रमोद के अनुसार घटना में करीब दो लाख रुपये की संपत्ति नष्ट हो गयी. सूचना पर मुखिया सीमा देवी व पंसस उर्मिला देवी पहुंचीं और घटना की जानकारी ली साथ ही प्रशासन से मुआवजा दिलाने का आश्वासन भी दिया.वहीं देवरी थाना क्षेत्र के चतरो बजरंग मोड़ के पास स्थित कमल हाजरा की गुमटी में रविवार की देर रात ढाई बजे आग लग गयी. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग को बुझाया गया, लेकिन तब तक सारा सामान जलकर राख हो गया था .
भुक्तभोगी कमल के मुताबिक आग लगाने से गुमटी के अंदर रखी शृंगार सामग्री, बरतन सेट, 1200 सौ रुपये नकद समेत 45 हजार रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गयी . साथ ही बैंक पासबुक, जीवन बीमा के कागजात, सहारा इंडिया का पासबुक भी जल गया. कमल ने अंचलाधिकारी से मुआवजा की गुहार लगायी है.
