गेट बंद रहने के बाद भी लाइन पार करने की कोशिश कर रहा था युवक
डुमरी. निमियाघाट थाना क्षेत्र के रांगामाटी स्थित रेलवे क्रासिंग नंबर चौदह पर सोमवार की सुबह राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक बाइक सवार बाल-बाल बच गया. इस घटना में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी.
वहीं घटना स्थल पर राजधानी एक्सप्रेस करीब दस मिनट तक रूकी रही. बाद में रेलवे पुलिस ने बाइक को जब्त कर गोमो ले गयी. सोमवार की सुबह करीब आठ बजे नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस के गुजरने की सूचना पर रेलवे क्रासिंग का गेट बंद था. तभी एक बाइक सवार रेलवे लाइन पार करने की कोशिश करने लगा. इस बीच ट्रेन वहां पहुंच गयी. यह देख बाइक सवार पटरी पर ही बाइक को छोड़ भाग गया. ट्रेन के बाइक से टकराने के बाद चालक ने ट्रेन रोक दिया. लगभग दस मिनट के बाद ट्रेन गंतव्य की ओर रवाना हुई.
