धान का बिचड़ा उखाड़ने के दौरान हुई घटना
गावां. गावां थानांतर्गत पिहरा पश्चिमी पंचायत के चटनियांदह गांव में सोमवार को वज्रपात से दो सगे भाई की मौत हो गयी, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. उक्त गांव के रामचंद्र प्रसाद यादव(55 वर्ष), वीरेंद्र प्रसाद यादव (45 वर्ष) व उमेश प्रसाद यादव (40 वर्ष) सभी पिता स्व. काशी महतो गांव से कुछ दूरी पर स्थित छोटकी सुरंगी नाला के पास अपने खेत में धान का बिचड़ा उखाड़ रहे थे.
अचानक तेज हवा एवं वर्षा के साथ जोरदार आवाज के साथ वज्रपात हुआ. उक्त घटना में रामचंद्र प्रसाद यादव व वीरेंद्र प्रसाद यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि उमेश प्रसाद यादव गंभीर रूप से घायल हो गया. आनन-फानन में उमेश को इलाज के लिए धनबाद भेजा गया है.
एक परिवार के दो की मौत से माहौल गमगीन : एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से गांव का माहौल गमगीन हो गया.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पिहरा पश्चिमी पंचायत की मुखिया मुन्ना देवी ने घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों को ढांढ़स बंधाया. उन्होंने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की. गावां दक्षिणी से जिप सदस्य इमरान अंसारी ने भी उक्त हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए विभाग से मुआवजे की मांग की है.
मुआवजा के लिए होगी पहल : विधायक : स्थानीय विधायक राजकुमार यादव ने भी उक्त घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने के लिए सरकार से बात करने का आश्वासन दिया.
