शर्मनाक. चार युवकों ने जंगल में दिया घटना को अंजाम
गिरिडीह : अपने पुरुष दोस्त के साथ बाइक पर जा रही एक आदिवासी छात्रा को जबरन रोक चार युवकों ने दुष्कर्म किया. आरोपियों ने घटनाक्रम का वीडियो बना लिया और इंटरनेट पर उसे वायरल करने की धमकी दी. पूरी घटना बुधवार की है. गुरुवार को हिम्मत जुटा लड़की ने पुलिस से शिकायत की.
घटना बुधवार की दोपहर 1.30 बजे की है. 12वीं कक्षा में पढ़नेवाली पीड़ित छात्रा ने गुरुवार को हिम्मत जुटा हॉस्टल की अपनी सहेलियों काे घटना के बारे में बताया. इसके बाद मामला पुलिस के पास पहुंचा. गैंगरेप की इस वारदात के बाद आदिवासी संगठनों, महिला संगठनों व राजनीतिक दलों में रोष है. किशोरी ने बताया कि वह बुधवार की दोपहर में देवरी निवासी परिचित युवक के साथ बाइक पर गिरिडीह कॉलेज के पीछे भलसुमिया होते हुए पचंबा की ओर आ रही थी. इसी बीच चार युवकों ने उनकी बाइक रोक ली. चारों ने उनके कपड़े उतरवा लिये और वीडियो रिकॉर्डिंग करना शुरू कर दी.
पीड़िता का कहना था कि चारों आरोपियों ने उसके दोस्त पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया. जब साथी ने इनकार कर दिया तो पगडंडी पर ही एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया. इसके बाद चारों ने दोस्त को बांध कर वहीं छोड़ दिया और उसे जंगल की ओर घसीट कर लेते गये.
वहां बारी-बारी से दुष्कर्म किया. पीड़िता नेबताया कि आरोपियों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो फूटेज भी तैयार कर लिया. जाने से पहले धमकी दी कि यदि घटना के बारे में किसी को जानकारी दी तो वीडियो इंटरनेट पर डालकर बदनाम कर देंगे. उनके जाने पर पीड़िता दोस्त के साथ किसी तरह हॉस्टल पहुंची. बुधवार को कई घंटे तक लोकलाज के कारण किसी को कुछ बताने से डरती रही. बाद में उसने हिम्मत कर इसकी जानकारी हॉस्टल में रह रही अन्य लड़कियों को दी.
सोनबाद के रहनेवाले हैं आरोपी
घटना की जानकारी मिलते ही आदिवासी छात्रों के अलावा अन्य लोग आक्रोशित हो गये. आरोपी गिरिडीह कॉलेज की ठीक बगल में स्थित बेंगाबाद थाना के सोनबाद गांव के रहनेवाले हैं.
गुरुवार की दोपहर गिरिडीह कॉलेज में लोगों का जमावड़ा शुरू हो गया. जेवीएम नेता नुनूलाल मरांडी, झामुमो नेत्री हिंगामुणी देवी, भाजपा नेता रंजीत मरांडी, छात्र नेता प्रवीण मुर्मू, साहिल जॉन हांसदा समेत कई लोग पहुंच गये. किसी ने बता दिया कि एक आरोपी कॉलेज की बगल एक दुकान में खड़ा है. सूचना मिलते ही काफी संख्या में युवक गिरिडीह कॉलेज परिसर से बाहर निकले और कृष्णा कुमार नामक युवक को पकड़ कर कॉलेज परिसर में लाये. यहां पीड़िता के सामने युवक को पेश किया गया. पीड़िता ने उसे पहचानने से इनकार कर दिया. इसके बाद कृष्णा को छोड़ दिया गया. बाद में छात्र व नेता नारेबाजी करते हुए कॉलेज से पीड़िता को लेकर पैदल ही सदर अस्पताल पहुंचे.
डॉक्टरों की टीम ने किया चेकअप
सदर अस्पताल में पीड़िता को लाये जाने के बाद नगर पुलिस भी पहुंच गयी. तीन चिकित्सकों की टीम बनायी गयी. टीम में डॉ रेखा झा, डाॅ सर्जना शर्मा व डाॅ सीके सिंह शामिल थीं. इन्होंने पीड़िता का मेडिकल चेकअप किया.
पुलिस ने ली जानकारी
डीएसपी विजय आशिष कुजूर व नगर पुलिस निरीक्षक वीरेंद्र राम भी सदर अस्पताल पहुंचे. श्री कुजूर ने पीड़िता के साथ-साथ उसके दोस्त से भी घटना की जानकारी ली. श्री कुजूर ने कहा कि आरोपी युवकों को जल्द पकड़ लिया जायेगा. कहा कि घटनास्थल बेंगाबाद थाना क्षेत्र में पड़ता है.
नाबालिग है पीड़िता
दोस्त के साथ जा रही थी बाइक पर
आरोपियों ने दोस्त पर बनाया संबंध बनाने का दबाव
इनकार करने पर एक युवक ने किया दुष्कर्म
दोस्त को बांध छात्रा को जंगल में घसीट ले गये चारों
एमएमएस बना इंटरनेट पर डालने की दी धमकी
आदिवासी संगठनों व राजनीतिक दलों में रोष
पुलिस ने ली जानकारी : डीएसपी विजय आशिष कुजूर व नगर पुलिस निरीक्षक वीरेंद्र राम भी सदर अस्पताल पहुंचे. श्री कुजूर ने पीड़िता के साथ-साथ उसके दोस्त से भी घटना की जानकारी ली. श्री कुजूर ने कहा कि आरोपी युवकों को जल्द पकड़ लिया जायेगा. कहा कि घटनास्थल बेंगाबाद थाना क्षेत्र में पड़ता है.
