सिविल सर्जन ने किया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण
तिसरी/देवरी : सिविल सर्जन डाॅ. कन्हैया प्रसाद ने बुधवार को तिसरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया. केंद्र में 14 मलेरिया कर्मी अनुपस्थित पाये गये. सिविल सर्जन ने सभी मलेरिया कर्मियों के एक दिन की हाजरी काट दी. इस दौरान उन्होंने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को कड़ी फटकार भी लगायी. कहा कि अभी मलेरिया कर्मियों की बहाली हुई है और ऐसे लोग किस आधार पर आकस्मिक अवकाश में चले गये.
सिविल सर्जन ने हाजिरी पंजी व भंडार पंजी की भी जांच की. लेबर रूम का निरीक्षण कर उन्होंने प्रभारी को कई दिशा-निर्देश भी दिये. मौके पर डाॅ. प्रवीण चंद्र, बीपीएम प्रमोद प्रसाद, मो मिन्हाज समेत कई स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे. इसके बाद सीएस ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, देवरी का भी औचक निरीक्षण किया. इस क्रम में उन्होंने नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का भी जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान यूनिफॉर्म में नहीं रहने पर स्वास्थ्यकर्मियों को कड़ी फटकार भी लगायी. सीएस ने अस्पताल परिसर व आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने का निर्देश दिया. मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डाॅ. सत्येंद्र कुमार सिन्हा, बीपीएम अमित कुमार सिन्हा, एएनएम शशि किरण दादेल आदि मौजूद थे.
