नवडीहा पंचायत के मुखिया पति समेत 20 लोगों के साथ अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए नागरिक मंच के सदस्यों ने नवडीहा ओपी प्रभारी के खिलाफ मोरचा खोल दिया है. इसे लेकर ग्रामीण गोलबंद हो गये हैं.
जमुआ : रविवार को नागरिक मंच के बैनर तले नवडीहा पंचायत भवन में बरोटांड़ व गोविदडीह के ग्रामीणों ने बैठक कर नवडीहा ओपी प्रभारी के खिलाफ आक्रोश जाहिर किया. मामला एक ग्रामीण के घर में लगी आग को बुझाने के क्रम में उत्पन्न स्थिति से जुड़ा है.
दमकल कर्मी को रोकने का आरोप : रविवार की बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि 15 जून को बरोटांड़ के टोला गोविंदडीह के भुवनेश्वर महतो के घर आग लग गयी थी. इसकी सूचना नवडीहा ओपी प्रभारी को दी गयी. ओपी प्रभारी नारद पासवान ने दमकल कर्मियों को फोन पर आने की सूचना दी और आग बुझाने में पुलिस बल के साथ जुट गये. पुलिस कर्मियों ने आग पर काफी हद तक काबू पा लिया. इसी बीच दमकल कर्मी वाहन लेकर खरगडीहा पहुंच गये. दमकल प्रभारी ने ओपी प्रभारी से संपर्क साध कर पूछताछ की. तब ओपी प्रभारी ने कहा कि आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है.
यह सूचना ग्रामीणों को मिल गयी और ग्रामीण व ओपी प्रभारी के बीच इसी बात को लेकर बहस हो गयी. ग्रामीणों का कहना था कि ओपी प्रभारी ही दमकल कर्मी को आने नहीं दे रहे थे.
प्रमुख करेंगी डीजीपी से शिकायत : ओपी प्रभारी श्री पासवान ने मुखिया पति समेत 20 लोगों पर सरकारी काम में बाधा डालने से संबंधित एक मामला जमुआ थाना में दर्ज करा दिया है. बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि इस मामले को लेकर एसपी से मिल कर न्याय की गुहार लगायी जायेगी. ग्रामीणों ने यह भी कहा कि ओपी प्रभारी ने एक साजिश के तहत लोगों को फंसाया है. इधर, प्रमुख सुलोचना देवी ने कहा कि ओपी प्रभारी की शिकायत डीजीपी से की जायेगी.
बैठक में ग्रामीणों की मौजूदगी : मौके पर जिप सदस्य मनोवर हसन, प्रमुख सुलोचना देवी, उप प्रमुख चन्द्रशेखर राय, पंसस मीना दास, विष्णु नारायण वर्मा, शंभु दयाल शरण, विजय पांडेय, अशोक पासवान, झाविमो युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद वर्मा, डा. धनेश्वर वर्मा, जिप सदस्य प्रतिनिधि अशोक वर्मा, बाबूलाल मंडल, जानकी महतो आदि उपस्थित थे.
