गिरिडीह नगर पर्षद को लेकर कई वार्ड पार्षदों ने शिकायत की है. संचिका के निष्पादन को लेकर सवाल उठाये गये हैं.इसकी जांच करायी जायेगी. उक्त बातें राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय ने कही.
गिरिडीह : सोमवार को गिरिडीह परिसदन में पत्रकारों से बातचीत में श्री राय ने कहा कि कलवर्ट निर्माण में बगैर काम के पैसे की निकासी की शिकायत मिली है. इस मामले को लेकर नगर विकास विभाग के सचिव से वार्ता की गयी है. इसके अलावे नप को ले प्राप्त होने वाली अन्य शिकायतों की जानकारी नगर विकास विभाग के मंत्री के संज्ञान में दिया जायेगा. शिकायतों की जांच करायी जायेगी. अगर इसमें किसी अधिकारी की संलिप्ता मिली तो उन्हें बख्शा नहीं जायेगा.
स्थानीय नीति की खामियां बताये विपक्ष : स्थानीय नीति पर कहा कि विपक्ष को सबसे पहले यह बताना चाहिए कि इसमें खामियां क्या है. विपक्ष को यह बताना चाहिए कि इसमें संशोधन क्या करना चाहिए. इसकी शिकायत वह सरकार के समक्ष दर्ज करवा सकते हैं,लेकिन विपक्ष सिर्फ जनता को बरगला रहा है. आज जो दलों इस मामले को लेकर हल्ला मचा रहे हैं, जब वह सत्ता में थे तब क्यों नहीं स्थानीय नीति की घोषणा कर पाये. कहा कि ऐसी शिकायत मिली है कि ज्वलंत समस्या के मद्देनजर आंदोलन करने वाली जनता पर अधिकारी धारा 353(सरकारी काम में बाधा डालना) के तहत मामला दर्ज करवा देते हैं.
आंदोलन प्रशासन के लिए सूचना का श्रोत होता है. इस मामले में प्रशासन को संवेदनशील होना चाहिए. जनता की शिकायतों को प्रशासन अवैतनिक सलाहकार के रूप में लें. श्री राय ने कहा कि पूरे राज्य भर में धारा 353 के उपयोग व दुरुपयोग के मामले को लेकर सर्वेक्षण कराया जायेगा. इसके बाद जरूरत पड़ी तो इसमें संशोधन की दिशा में सरकार विचार करेगी. माइका के व्यवसायियों को लाइसेंस निर्गत करने के मामले पर उन्होंने कहा कि यह विभाग मुख्यमंत्री के पास है. इस संदर्भ में वह मुख्यमंत्री से बात करेंगे.
मौके पर विधायक निर्भय कुमार शाहाबादी, सुरेंद्र बर्मन, देवराज, सदानंद वर्मा, मनोज सिंह, बाबुल प्रसाद गुप्ता, बिजेंद्र यादव, दारा हाजरा, संजीत सिंह, प्रदीप शर्मा, गोपाल विश्वकर्मा, सुनील पासवान, हब्लु गुप्ता, संजय सिंह, अजयकांत झा, राजेश शर्मा, संजू सिंह, प्रशांत प्रकाश, बैद्यनाथ वर्मा आदि मौजूद थे. इससे पूर्व परिसदन पहुंचने पर विधायक समेत अन्य भाजपाइयों ने मंत्री श्री राय का स्वागत किया गया.
