गिरिडीह चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष से की थी ठगी
गिरिडीह : दवा बनाने में इस्तेमाल होने वाले ‘रेमान्सीन ऑयल’ नामक उत्पाद की आपूर्ति के लिए गिरिडीह जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष-सह-शहर के प्रसिद्ध व्यवसायी निर्मल झुनझुनवाला से 80 लाख रुपये ठगी के मामले में गिरिडीह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. गिरिडीह एसपी सुरेंद्र कुमार झा के नेतृत्व में गठित एसआइटी ने पुणे के कोण्ढवा से मबेगबु उजोचनाउ हैनेरी ऐलिस उर्फ डॉक्टर एलेक्स डेविड नामक एक नाइजेरियन नागरिक को गिरफ्तार किया है.
पुलिस ने उसके पास से दो स्मार्ट फोन, तीन फीचर फोन, एक पेन कार्ड, चार सिम कार्ड के अलावे दो डब्बा केमिकल भी बरामद किया है. आरोपी को गिरिडीह लाया गया है. एसपी ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि निर्मल झुनझुनवाला से ‘रेमान्सीन ऑयल’ नामक उत्पाद (दवा बनाने के लिए इस्तेमाल) की आपूर्ति के ऐवज में 80 लाख रूपये की ठगी की गयी थी.
जिसमें मुख्य अभियुक्त हेनरी तथा उसके सहयोगी मिस पामेला, डा. रेमंड बेन्सन, सुनीता जोस, संजय जोशी शामिल हैं. बताया कि इस मामले में एक एसआइटी का गठन किया गया जिसमें साइबर डीएसपी संदीप सुमन समदर्शी, पुनि सह अनुसंधानकर्ता सुरेश कुमार मंडल, हवलदार मिंटु कुमार सिंह, महिला हवालदार सुमित्रा देवी, सोनिया कुमारी, मनीष कुमार वर्मा शामिल थे.
साइबर थाना में 30 नवंबर को कांड संख्या 39/19 धारा 419, 420,467, 468, 471, 120 बी एवं 66 डी आईटी एक्ट 2000 के तहत छापेमारी करते हुए नाइजेरियाई मूल के मुख्य अभियुक्त मबेगबु उजोचनाउ हैनेरी ऐलिस उर्फ डॉक्टर एलेक्स डेविड को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल हुई है. एसपी ने बताया कि हैनेरी ऐलिस इसी प्रकार की एक ठगी के मामले में एनएम जोशी मार्ग मुंबई महाराष्ट्रा में 22 दिसंबर 2018 को गिरफ्तार किया गया था. जमानत पर छूटने के बाद वह पुन: ठगी के कार्य में संलिप्त हो गया.
